Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

बोल्ट, नीशाम विश्व कप के लिए न्यूजीलैंड टीम में दी गई जगह 

September 11, 2023

बोल्ट, नीशाम विश्व कप के लिए न्यूजीलैंड टीम में दी गई जगह 
आकलैंड: केंद्रीय अनुबंध से बाहर रहने वाले ट्रेंट बोल्ट और जिम्मी नीशाम को भारत में अगले महीने होने वाले विश्व कप के लिए न्यूजीलैंड की 15 सदस्यीय टीम में जगह दी गई है। पिछली बार मार्च में न्यूजीलैंड के लिए खेलने वाले केन विलियमसन आईपीएल के दौरान लगी एसीएल चोट से उबरकर टीम में लौटे हैं।
अभी यह पता नहीं है कि वह इंग्लैंड के खिलाफ पांच अक्टूबर को पहला मैच खेल सकेंगे या नहीं। न्यूजीलैंड की टीम 2019 विश्व कप फाइनल में सुपर ओवर के बाद भी टाई रहने पर चौकों छक्कों की गिनती पर इंग्लैंड से हार गई थी। मुख्य कोच गैरी स्टीड ने कहा ,‘‘ अपना चौथा विश्व कप खेल रहे केन से लेकर पहली बार खेलने वाले खिलाड़ियों तक सभी काफी रोमांचित हैं।
आईसीसी टूर्नामेंट के लिये टीम चुनते समय कुछ कड़े फैसले लेने होते हैं और कुछ खिलाड़ी निराश होते हैं । हमारा लक्ष्य सही संतुलन तलाशने का था और यह सुनिश्चित करना था कि इतने प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट में कहीं कोई कमी नहीं रह जाये।’’ विलियमसन और टिम साउदी का यह चौथा विश्व कप है ।वहीं बोल्ट, मैट हेनरी और टॉम लाथम तीसरी बार टूर्नामेंट खेलेंगे।
मार्क चैपमैन, डेवोन कोंवे, डेरिल मिशेल और ग्लेन फिलिप्स पहली बार वनडे विश्व कप खेलेंगे । स्पिन हरफनमौला रचिन रविंद्र और बल्लेबाज विल यंग का सफेद गेंद से यह पहला टूर्नामेंट है । पंद्रह सदस्यीय टीम में 28 सितंबर तक बदलाव किये जा सकते हैं ।
न्यूजीलैंड टीम : केन विलियमसन (कप्तान), ट्रेंट बोल्ट, मार्क चैपमैन, डेवोन कोंवे, लॉकी फर्ग्युसन, मैट हेनरी, टॉम लाथम, डेरिल मिशेल, जिम्मी नीशाम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, मिशेल सेंटनेर, ईश सोढी, टिम साउदी, विल यंग।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें