खेल डेस्क। बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बॉर्डर 2’ जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म के ऐलान के बाद से ही दर्शकों में इसे लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी लोग इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच अफगानिस्तान टी20 क्रिकेट टीम के कप्तान राशिद खान भी इस फिल्म को लेकर अपने प्यार का इजहार करते नजर आए हैं। राशिद खान ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के जरिए उन्होंने खास अंदाज में यह वादा किया कि वह फिल्म ‘बॉर्डर 2’ जरूर देखेंगे। इसके साथ ही वह इस फिल्म से जुड़े वायरल ट्रेंड का भी हिस्सा बन गए हैं।
वीडियो में क्या खास है?
राशिद खान के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि वह सड़क किनारे खड़े होकर भुट्टा भून रहे हैं। उनके चेहरे पर मुस्कान है और बैकग्राउंड में ‘बॉर्डर 2’ का गाना बज रहा है। वीडियो के कैप्शन में राशिद खान ने लिखा है, “बॉर्डर 2 तो मैं जरूर देखूंगा, लेकिन देखते हैं क्या होता है जब मैं इसे पोस्ट कर रहा हूं।” उनका यह मजेदार अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
सेलेब्स ने किया रिएक्ट
राशिद खान के इस वीडियो पर कई बड़े सितारों ने भी कमेंट किए हैं। फिल्म में नजर आने वाले अभिनेता अहान शेट्टी ने लिखा, “आपको बहुत सारा प्यार भाई।” अभिनेता वरुण धवन ने कमेंट करते हुए लिखा, “हां भाई।” अहान शेट्टी के पिता और मशहूर अभिनेता सुनील शेट्टी ने लिखा, “ये हुई ना बात।” इसके अलावा एक यूजर ने कमेंट किया, “भारतीय और अफगानी भाई-भाई।”
केएल राहुल भी कर चुके हैं ट्रेंड फॉलो
राशिद खान ही नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल भी इस वायरल ट्रेंड को फॉलो कर चुके हैं। उन्होंने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ‘बॉर्डर 2’ से जुड़ी एक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें वह खुद नजर आए थे। गौरतलब है कि केएल राहुल, अभिनेता अहान शेट्टी के बहनोई हैं।
कल होगी ‘बॉर्डर 2’ रिलीज
फिल्म ‘बॉर्डर 2’ में कई बड़े सितारे अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। इसमें सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ लीड रोल में दिखाई देंगे। यह फिल्म साल 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है। ‘बॉर्डर 2’ को 23 जनवरी 2026 को रिलीज किया जाएगा, जो गणतंत्र दिवस से कुछ दिन पहले सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

