Site icon Dainik Savera Times

Bumrah पूरी तरह फिट है, आयरलैंड जा सकता है : BCCI secretary Jay Shah

नई दिल्ली: आयरलैंड में होने वाली टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए भारत दूसरे दर्जे की टीम भेजेगा लेकिन भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) सचिव जय शाह ने गुरुवार को कहा कि उम्मीद है कि पूरी तरह फिट हुए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को मालाहिडे में होने वाले तीन मैचों के दौरान खिलाया जा सकता है। बुमराह अपनी पीठ के निचले हिस्से में ‘स्ट्रेस फ्रेक्चर’ की सर्जरी के बाद इस समय राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रिहैबिलिटेशन की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं और उनके अंतिम फैसला लिए जाने से पहले कुछ अभ्यास मैच खेलने की उम्मीद है।

शाह ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पत्रकारों से कहा, बुमराह पूरी तरह फिट हैं और वह आयरलैंड जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि विश्व कप से पहले 12 वनडे ही बचे हैं और प्रयास इस बात पर होगा कि चयन में निरंतरता बरती जाए। शाह ने यह साफ किया कि वापसी करने वाले बुमराह को छोड़कर विश्व कप टीम के सीनियर खिलाड़ियों को वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के खत्म होने के छह दिन के अंदर शुरु होने वाली तीन मैचों की श्रृंखला के लिए नहीं चुना जाएगा जिसमें टी20 कप्तान हार्दिक पंड्या भी शामिल हैं।

शाह ने कहा, ‘‘आयरलैंड दौरे के अलावा चयन में निरंतरता होगी। शाह ने यह भी कहा कि यह देखना बीसीसीआई का कर्तव्य है कि अन्य क्रिकेट बोर्ड भी अच्छी स्थिति में रहें इसलिए इतना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला जा रहा है। उन्होंने कहा, अन्य बोर्ड के अस्तित्व के लिए हमें हर जगह दौरा करना होगा। इतना ज्यादा क्रिकेट होने के कारण चोट भी लगेंगी। हमें अन्य बोर्ड का ध्यान भी रखना होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी सीनियर खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट मैच खेलने होंगे जो भारतय टीम का हिस्सा नहीं हैं। शाह ने कहा, हाल में सीनियर खिलाड़ी जैसे चेतेश्वर पुजारा और सूर्यकुमार यादव दलीप ट्राफी में खेले थे।

जो भी खिलाड़ी एनसीए में नहीं हैं और भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं, उसे घरेलू क्रिकेट में खेलना होगा। 80 प्रतिशत खिलाड़ियों ने फिटनेस जांच पास कर ली है। बीसीसीआई सचिव ने साथ ही बताया कि बोर्ड भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर पर लगे दो मैच के प्रतिबंध को हटाने या इसमें छूट देने की अपील नहीं करेगा क्योंकि अपील करने का समय खत्म हो गया है। हालांकि बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी और राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण के बोर्ड के निर्देश के अनुसार आगामी दिनों में भारतीय महिला टीम की कप्तान से बात करके उनकी काउन्सलिंग करने की उम्मीद है।

Exit mobile version