Site icon Dainik Savera Times

फिल्म ‘मर्दानी 3’ देखने का और इंतजार नहीं कर सकती: हरमनप्रीत कौर

harman

harman

नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रानी मुखर्जी की आने वाली क्राइम ड्रामा फिल्म ‘मर्दानी 3’ के ट्रेलर की तारीफ की है। फिल्म के ट्रेलर और रानी मुखर्जी के अभिनय की भी हरमनप्रीत कौर ने तारीफ की। भारतीय कप्तान ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर सख्त और मिसाल कायम करने वाली सजा की भी वकालत की।हरमनप्रीत ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में ट्रेलर को बेहतरीन बताते हुए लिखा कि आज के समय में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर तेज और कड़ा एक्शन बेहद जरूरी है। उन्होंने देश की पुलिस फोर्स का आभार जताया, जो हर दिन लड़कियों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास करती है।

उन्होंने लिखा, ‘हमें पुलिस फोर्स से प्यार है, जो हर दिन हमारी सुरक्षा के लिए मौजूद रहती है। मर्दानी 3 का ट्रेलर जबरदस्त है। फिल्म देखने का इंतजार नहीं कर सकती।‘ ‘मर्दानी 3’ इस लोकप्रिय फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है, जो इस बार एक बेहद संवेदनशील मुद्दे पर फोकस करती है। फिल्म की कहानी कम आय वर्ग की 8-9 साल की बच्चियों के अपहरण जैसे गंभीर अपराध के इर्द-गिर्द घूमती है। इससे पहले ‘मर्दानी’ में मानव तस्करी और ‘मर्दानी 2’ में एक सीरियल रेपिस्ट की विकृत मानसिकता को दिखाया गया था, जिसने समाज और सिस्टम दोनों को झकझोर कर रख दिया था।

हरमनप्रीत के अलावा फिल्म इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियों ने भी ट्रेलर की जमकर तारीफ की है। करीना कपूर खान ने रानी मुखर्जी को डायनामाइट बताया, जबकि कैटरीना कैफ ने उन्हें ‘क्वीन’ कहकर सम्मान दिया। कियारा आडवाणी ने कहा कि तीन दशक पूरे करने के बाद भी रानी आज भी स्क्रीन पर राज कर रही हैं। अभिराज मीनावाला के निर्देशन में बनी और आदित्य चोपड़ा द्वारा निर्मित ‘मर्दानी 3’ 30 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म से समाज में एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और न्याय को लेकर मजबूत संदेश देने की उम्मीद की जा रही है।

Exit mobile version