Site icon Dainik Savera Times

कप्तान मैथ्यूज की नाबाद अर्धशतकीय पारी ने वेस्टइंडीज ने आयरलैंड को हराया

कप्तान हेली मैथ्यूज की नाबाद 66 रन की पारी और शिनेल हेनरी के साथ तीसरे विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी के दम पर वेस्टइंडीज ने आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप बी मुकाबले में शुक्रवार को यहां आयरलैंड के खिलाफ एक गेंद शेष रहते छह विकेट की रोमांचक जीत दर्ज की। सलामी बल्लेबाज मैथ्यूज ने 53 गेंद की नाबाद पारी में आठ चौके और एक छक्का जड़ा। हेनरी ने 28 गेंद में 34 रन की पारी के दौरान चार चौके लगाये।

ओर्ला प्रेंडरगास्ट की 61 रन (47 गेंद में छह चौके और एक छक्का की मदद से) की पारी से आयरलैंड ने नौ विकेट पर 137 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। मैथ्यूज ने 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर चौका लगाकर टीम को जीत दिला दी। वेस्टइंडीज के लिए शमिला कॉनेल ने तीन जबकि करिश्मा रामहरख और एफी फ्लेचर ने दो-दो विकेट लिये। मैथ्यूज ने बल्ले से कमाल करने से पहले गेंद से भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए एक विकेट चटकाया।

इससे पहले आयरलैंड ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन कॉनेल ने दूसरे ओवर में ही एमी हंटर (एक रन) को चलता कर दिया। सलामी बल्लेबाज गैबी लुईस (38) और प्रेंडरगास्ट ने इसके बाद दूसरे विकेट के लिए 90 रन की साझेदारी कर टीम की वापसी करायी। इस साझेदारी के टूटने के बाद हालांकि टीम की पारी लड़खड़ा गयी। इन दोनों के अलावा सिर्फ ईमियर रिचर्डसन (15) ही दहाई अंक में रन बना सकी।

Exit mobile version