
चेन्नई: लगातार हार से बेजार चेन्नई सुपर किंग्स को इंडियन प्रीमियर लीग में अपना अभियान पटरी पर लाने के लिए शुक्रवार को होने वाले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की कड़ी चुनौती से पार पाना होगा। चेन्नई की टीम को अभी तक 5 मैच में से 4 में हार का सामना करना पड़ा है और इसलिए यह मैच उसके लिए बेहद महत्वपूर्ण बन गया है। चेन्नई की टीम अब अपना भाग्य बदलने के उद्देश्य से अपने घरेलू मैदान पर खेलने के लिए उतरेगी। उसे हालांकि अभी तक यहां के विकेट से उतनी मदद नहीं मिली है जैसे कि अतीत में मिला करती थी। चेन्नई को अगर अपना अभियान पटरी पर लाना है तो उसके खिलाड़ियों को जल्द से जल्द यहां की परिस्थितियों से तालमेल बिठाना होगा। सभी की निगाहें एक बार फिर से महेंद्र सिंह धोनी पर टिकी रहेगी।
चेन्नई की टीम के लिए अच्छी बात यह है कि डेवोन कॉनवे, रचिन रवींद्र और शिवम दुबे जैसे बल्लेबाजों ने लय हासिल करने के संकेत दिए हैं। चेन्नई की गेंदबाजी कमोबेश वैसी ही रहेगी, जिसमें खलील अहमद, मुकेश चौधरी और मथीशा पथिराना तेज गेंदबाजी विभाग संभालेंगे जबकि रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा और नूर अहमद पर स्पिन विभाग की जिम्मेदारी होगी। बल्लेबाजी में नाइट राइडर्स का दारोमदार फिर से क्विंटन डिकॉक, सुनील नरेन, कप्तान अजिंक्य रहाणो, अंगकृष रघुवंशी, आंद्रे रसेल और रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ियों पर रहेगा। अगर अंक तालिका में वर्तमान स्थिति का जिक्र करें तो चेन्नई चार हार और एक जीत के बाद नौवें स्थान पर, जबकि केकेआर पांच मैचों में 2 जीत और 3 हार के साथ छठे स्थान पर है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...