Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bengal Election 2026: ‘ममता बनर्जी डरी हुई’, सीएम सरमा बोले- BJP जीतते ही खत्म हो जाएगी TMC

April 18, 2026

Bengal Election 2026: ‘ममता बनर्जी डरी हुई’, सीएम सरमा बोले- BJP जीतते ही खत्म हो जाएगी TMC

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग में अब सिर्फ पाँच दिन बचे हैं। इसी बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनती है, तो तृणमूल कांग्रेस (TMC) हमेशा के लिए खत्म हो सकती है।

BJP सत्ता में आई तो ममता की राजनीति खत्म- सीएम सरमा 

सरमा ने कूच बिहार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी, नरेंद्र मोदी से इसलिए डरती हैं क्योंकि उन्हें पता है कि अगर BJP बंगाल में सत्ता में आई, तो उनकी राजनीति खत्म हो जाएगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि जैसे गुजरात, उत्तर प्रदेश और बिहार में कांग्रेस कमजोर हो गई, वैसे ही बंगाल में TMC भी खत्म हो सकती है।

पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होना है। इस चरण में 152 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इनमें कूच बिहार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग, मालदा, मुर्शिदाबाद, पुरुलिया और पश्चिम मेदिनीपुर जैसे कई जिले शामिल हैं। इन इलाकों में सीमावर्ती क्षेत्र, आदिवासी क्षेत्र, चाय बागान और औद्योगिक इलाके भी आते हैं।

TMC ने चुनाव आयोग में सरमा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई

इस बयान के बाद तृणमूल कांग्रेस ने भारतीय चुनाव आयोग (ECI) में सरमा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी के नेता डेरेक ओ’ब्रायन ने आरोप लगाया कि सरमा ने अपने भाषण में भड़काऊ और समाज को बांटने वाली बातें कही हैं। TMC का कहना है कि सरमा ने अपने भाषण में ममता बनर्जी पर गलत और बिना सबूत के आरोप लगाए। उन्होंने कथित तौर पर बीफ खाने को एक खास समुदाय से जोड़कर बात की, जिसे TMC ने गलत और लोगों को भड़काने वाला बताया। चुनाव आयोग में दी गई शिकायत में यह भी कहा गया है कि ऐसे बयान चुनाव से पहले लोगों को धर्म के आधार पर बांटने की कोशिश हैं।

बंगाल में कब होंगे मतदान

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी, जिसमें 142 सीटें शामिल हैं। राज्य की सभी 294 सीटों के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। इस बार चुनाव में सत्तारूढ़ TMC और BJP के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। TMC लगातार चौथी बार सरकार बनाने की कोशिश में है, जबकि BJP राज्य में पहली बार सत्ता हासिल करना चाहती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें