Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Coco Gauff आसान जीत के साथ अमेरिकी ओपन के दूसरे दौर में पहुंची, जानिए मैच के अहम आंकड़े

August 27, 2024

Coco Gauff आसान जीत के साथ अमेरिकी ओपन के दूसरे दौर में पहुंची, जानिए मैच के अहम आंकड़े

न्यूयॉर्क: मौजूदा चैंपियन कोको गॉफ ने सीधे सेटों में जीत दर्ज करके अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में खिताब का बचाव करने के अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। गॉफ ने सोमवार को यहां पहले दौर के मैच में वरवरा ग्रेचेवा को 6-2, 6-0 से पराजित किया। गॉफ हाल में खराब फॉर्म से जूझ रही थी लेकिन यहां उन्होंने शुरू से लेकर आखिर तक दबदबा बनाए रखा। उन्होंने मैच के बाद कहा,‘‘पिछले कुछ सप्ताह मुश्किल भरे थे। मैं अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध थी लेकिन मुझे अपने अलावा किसी के सामने कुछ साबित नहीं करना है। ‘

अमेरिका के एक अन्य खिलाड़ी और पिछले साल सेमीफाइनल में पहुंचने वाले 13वीं वरीयता प्राप्त बेन शेल्टन ने 2020 के चैंपियन डोमिनिक थिएम को 6-4, 6-2, 6-2 से हराया। थिएम का यह अमेरिकी ओपन में आखिरी मैच था क्योंकि वह पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि इस सत्र के बाद वह संन्यास ले लेंगे। अमेरिकी ओपन में 2017 की चैंपियन स्लोएन स्टीफंस ने क्लारा ब्यूरेल के खिलाफ शुरुआती नौ गेम जीते लेकिन इसके बाद उनकी लय गड़बड़ा गई और उन्हें 0-6, 7-5, 7-5 से हार का सामना करना पड़ा।

महिला वर्ग में जिन अन्य वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों ने अगले दौर में जगह बनाई उनमें इस महीने की शुरुआत में पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली सातवीं वरीयता प्राप्त झेंग क्विनवेन, ओलंपिक की रजत पदक विजेता और यहां 24वींं वरीयता प्राप्त डोना वेकिच, 12वीं वरीयता प्राप्त डारिया कसाटकिना और 14वीं वरीयता प्राप्त मैडिसन कीज़ शामिल है। नौवीं वरीयता प्राप्त मारिया सककारी दाहिने कंधे में चोट के कारण एक सेट के बाद मैच से हट गई।

पुरुष वर्ग में जिस वरीयता प्राप्त खिलाड़ी को पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा वह 15वें वरीय होल्गर रूण थे, जिन्हें अमेरिका के ब्रैंडन नकाशिमा ने 6-2, 6-1, 6-4 से हराया। पुरुष वर्ग में आगे बढ़ने वाले खिलाड़ियों में चौथी वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव, छठी वरीयता प्राप्त एंड्री रुबलेव, आठवें वरीय कैस्पर रूड, नौवें वरीय और 2022 के उपविजेता ग्रिगोर दिमित्रोव तथा 12वीं वरीयता प्राप्त टेलर फ्रिट्ज़ शामिल है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें