Dainik Savera Times

Colombo Weather Updates: IND vs PAK मैच पर बारिश का साया! अगर मैच रद्द हुआ तो क्या होगा?

IND vs PAK Weather Updates

खेल डेस्क। ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में आज 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला खेला जाना है। यह मैच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होना है। लेकिन इस बड़े मुकाबले पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार दिन में तेज बारिश हो सकती है, हालांकि शाम तक मौसम में कुछ सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

कैसा है कोलंबो का मौसम?
सुबह से ही कोलंबो के आसमान में हल्के काले बादल छाए हुए हैं। अभी बारिश नहीं हो रही है, लेकिन कहीं-कहीं हल्की फुहार की खबर है। वर्तमान तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस है। आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने दिन के समय बारिश की संभावना जताई है। श्रीलंका के मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है, जिससे अचानक बारिश हो सकती है। इसलिए मैच के समय मौसम बदलने की पूरी संभावना है।

दोनों टीमों की शानदार शुरुआत
डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार तरीके से की है। पहले मैच में अमेरिका को हराया। दूसरे मुकाबले में नामीबिया को 93 रनों से बड़ी शिकस्त दी। टीम का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है और खिलाड़ी शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं।

पाकिस्तान का प्रदर्शन
पाकिस्तान की शुरुआत थोड़ी धीमी रही। नीदरलैंड के खिलाफ करीबी मुकाबला जीतकर अभियान शुरू किया। इसके बाद अमेरिका को आराम से हरा दिया। अब दोनों टीमें बराबरी के आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेंगी।

 

अगर बारिश से मैच रद्द हुआ तो क्या होगा?
आईसीसी के नियमों के अनुसार किसी भी टी20 मैच का नतीजा निकलने के लिए दोनों टीमों को कम से कम 5-5 ओवर खेलना जरूरी है। अगर लगातार बारिश के कारण 5-5 ओवर भी नहीं हो पाते, तो मैच रद्द कर दिया जाएगा।

-ग्रुप स्टेज में कोई रिजर्व डे नहीं है।

-मैच रद्द होने पर दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेगा।

-इससे सिर्फ अंक तालिका पर ही असर नहीं पड़ेगा, बल्कि आर्थिक नुकसान भी होगा।

-ब्रॉडकास्टर को भारी नुकसान हो सकता है।

-दर्शकों को टिकट रिफंड देना पड़ सकता है।

सुपर-8 की रेस पर असर
आज का मुकाबला सुपर-8 में जगह बनाने के लिए बेहद अहम है। अगर भारत जीतता है, तो वह सीधे सुपर-8 में पहुंच जाएगा। अगर पाकिस्तान जीतता है, तो वह क्वालिफाई कर लेगा।अगर मैच बारिश की वजह से रद्द होता है, तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा और दोनों सुपर-8 में पहुंच जाएंगी। इस वजह से यह मुकाबला और भी ज्यादा महत्वपूर्ण हो गया है।

टॉस रहेगा अहम
बारिश की आशंका को देखते हुए टॉस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो सकती है। अगर मौसम खराब रहता है, तो कप्तान पहले गेंदबाजी या बल्लेबाजी का फैसला हालात देखकर करेंगे। छोटा मैच होने की स्थिति में रणनीति पूरी तरह बदल सकती है।

क्या किरकिरा होगा मैच का मजा?
क्रिकेट फैंस इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लेकिन बारिश खेल का मजा बिगाड़ सकती है। हालांकि अभी मैच शुरू होने में समय है, इसलिए उम्मीद की जा रही है कि मौसम साफ हो जाएगा और दर्शकों को पूरा मैच देखने का मौका मिलेगा।

 

Exit mobile version