नयी दिल्ली : कैरेबियाई प्रीमियर लीग (सीपीएल) की फ्रेंचाइजी सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स अगस्त में होने वाली प्रतियोगिता में भारत की फिजियोथेरेपिस्ट मीनाक्षी नेगी की सेवाएं लेगी। मीनाक्षी नेगी घरेलू क्रिकेट में उत्तराखंड महिला टीम के सहयोगी स्टाफ की सदस्य हैं। उन्हें ड्वेन ब्रावो की अगुवाई वाली सीपीएल फ्रेंचाइजी ने अपना सहायक फिजियो नियुक्त किया है। उत्तराखंड क्रिकेट संघ ने बताया, ‘‘उत्तराखंड क्रिकेट संघ को आपको यह जानकारी देते हुए खुशी हो रही है कि हमारी सीनियर महिला टीम की फिजियोथेरेपिस्ट मीनाक्षी नेगी को सीपीएल टीम सेंट किट्स एंड नेविस का सहायक फिजियो नियुक्त किया गया है।’’