Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

जायसवाल जैसे युवा खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए टीम मैनेजमेंट को श्रेय : संजू सैमसन

April 28, 2023

जायसवाल जैसे युवा खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए टीम मैनेजमेंट को श्रेय : संजू सैमसन

जयपुर : राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल जैसे युवा खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए टीम प्रबंधन और सपोर्ट स्टाफ की कड़ी मेहनत को श्रेय दिया है जिन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 32 रन की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। जायसवाल ने आईपीएल का अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर 43 गेंदों में 77 रन बनाये जबकि जुरेल ने 15 गेंदों में 34 रन ठोके। राजस्थान ने गुरूवार रात 20 ओवर में पांच विकेट पर 202 रन का मजबूत स्कोर बनाया। राजस्थान ने फिर चेन्नई को छह विकेट पर 170 रन पर रोक दिया। एडम जम्पा ने 22 रन पर तीन और रविचंद्रन अश्विन ने 35 रन पर दो विकेट लिए।

इस जीत के साथ राजस्थान तालिका में पांच जीत के साथ चोटी पर पहुंच गयी है जबकि चेन्नई, जिसकी भी पांच जीत हैं, तीसरे स्थान पर खिसक गयी है। सैमसन ने मैच के बाद कहा कि जायसवाल, जुरेल और पडिकल जैसे युवा खिलाड़ियों का बल्ले के साथ प्रदर्शन अद्भुत है। उन्होंने साथ ही कहा कि वे युवाओं के दिमाग में आक्रमण, आक्रमण और आक्रमण जैसे दृष्टिकोण को प्रमोट करते रहेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘यह जीत टीम और डग आउट चाहते थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जायसवाल, देवदत्त और जुरेल जैसे युवा खिलाड़ियों का बल्ले के साथ प्रदर्शन अद्भुत है। वे युवाओं के दिमाग में आक्रमण, आक्रमण और आक्रमण जैसे दृष्टिकोण को ड्रेसिंग रूम में प्रमोट करते रहेंगे।’’

सैमसन ने कहा, ‘‘हमें इस जीत की काफी आवश्यकता थी। परिस्थितियों को देखते हुए हमने आज सोचा कि हमे बल्लेबाजी करना चाहिए। हमारे सभी युवा बल्लेबाजों ने निडरता के साथ बल्लेबाजी की। इस जीत का काफी श्रेय टीम मैनेजमेंट और सपोर्टिंग स्टाफ को भी जाता है उन्होंने युवा खिलाड़ियों के लिए काफी मेहनत की है।’’ राजस्थान की टीम अब रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के साथ खेलने के लिए मुंबई का दौरा करेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें