Site icon Dainik Savera Times

DPL में इस बल्लेबाज का तूफान; 38 गेंदों में ठोके 92 रन; IPL में कोहली के साथ मचाया था धमाल

Anuj Rawat in DPL

Anuj Rawat in DPL

खेल डेस्क: आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेल चुके विकेटकीपर-बल्लेबाज अनुज रावत इन दिनों दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) में अपने बल्ले से धमाल मचा रहे हैं। 10 अगस्त को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में उन्होंने ऐसी तूफानी पारी खेली कि गेंदबाजों के पास उनका कोई जवाब नहीं था।

पुरानी दिल्ली 6 के कप्तान अनुज रावत ने आउटर दिल्ली वॉरियर्स के खिलाफ महज 38 गेंदों में 92 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 8 छक्के और 8 चौके शामिल रहे। अनुज ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला और जीत की नींव रखी।

17 गेंदों में जड़ दिया अर्धशतक

166 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुरानी दिल्ली 6 की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने तीसरे ओवर तक सिर्फ 9 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कप्तान अनुज रावत ने मोर्चा संभाला। उन्होंने आर्यन गौर के साथ मिलकर पारी को संभाला और इसके बाद गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला। अनुज ने मैदान के लगभग हर हिस्से में शॉट लगाए और सिर्फ 17 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। यह इस सीजन का सबसे तेज अर्धशतक भी रहा।

आर्यन गौर के साथ 151 रनों की साझेदारी

अनुज रावत और आर्यन गौर ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 151 रनों की शानदार साझेदारी की। इस साझेदारी ने पुरानी दिल्ली 6 को मैच में पूरी तरह वापस ला दिया। अनुज अपने शतक के बेहद करीब पहुंच गए थे, लेकिन 15वें ओवर में 92 रन बनाकर आउट हो गए। वह अपने दूसरे शतक से सिर्फ 8 रन दूर रह गए।

पुरानी दिल्ली 6 ने 7 विकेट से जीता मैच

अनुज रावत की तूफानी पारी के दम पर पुरानी दिल्ली 6 ने 166 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया और मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया।

IPL में कोहली के साथ भी खेल चुके हैं यादगार पारी

अनुज रावत इससे पहले आईपीएल में RCB के लिए कई अहम पारियां खेल चुके हैं। आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ उन्होंने विराट कोहली के साथ मिलकर 80 रनों की साझेदारी की थी और टीम को महत्वपूर्ण जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उस प्रदर्शन के बाद अनुज रावत की काफी चर्चा हुई थी। उनकी तुलना भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत से भी की जाने लगी थी।

हालांकि, 2025 आईपीएल ऑक्शन से पहले RCB ने उन्हें रिलीज कर दिया। इसके बाद गुजरात टाइटंस ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया, लेकिन पिछले दो सीजन में उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। अब आईपीएल में मौके का इंतजार कर रहे अनुज रावत ने DPL में अपने बल्ले से जोरदार जवाब दिया है। उनकी 38 गेंदों में 92 रन की पारी ने एक बार फिर दिखा दिया कि उनमें बड़े स्तर पर मैच जिताने की क्षमता मौजूद है।

Exit mobile version