Site icon Dainik Savera Times

T20 World Cup 2026: मैच कवर नहीं कर पाएंगे बांग्लादेशी पत्रकार, ICC ने लगाई रोक

Bangladeshi journalists not able to cover match

Bangladeshi journalists not able to cover match

खेल डेस्क: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बताया है कि उसने टी20 विश्व कप 2026 के भारत में होने वाले मैचों को कवर करने के लिए बांग्लादेशी पत्रकारों के आवेदन को अस्वीकार कर दिया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी अधिकारियों ने कहा है कि बांग्लादेश की सरकार और बीसीबी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बांग्लादेश क्रिकेट टीम को भारत नहीं भेजने का फैसला किया था और भारत को असुरक्षित बताया था।

उसी आधार पर बांग्लादेशी पत्रकारों के वीजा और एक्रिडिएशन आवेदन खारिज कर दिए गए हैं। विश्व कप का आयोजन भारत और श्रीलंका में 7 फरवरी से 6 मार्च तक होना है। आईसीसी द्वारा यह निर्णय बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड द्वारा सुरक्षा कारणों की वजह से अपनी टीम को भारत न भेजने और विश्व कप का बहिष्कार करने के फैसले के बाद लिया गया।

150 पत्रकारों ने आवेदन किया था, एक्रेडिटेशन नहीं मिला

डेली स्टार की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कई पत्रकारों ने दावा किया कि कई बांग्लादेशी फोटो जर्नलिस्ट को शुरू में 20 और 21 जनवरी को मंजूरी वाले ईमेल मिले थे, लेकिन बाद में उनके एक्रेडिटेशन रद्द कर दिए गए। रिपोर्ट में बीसीबी मीडिया कमेटी के चेयरमैन अमजद हुसैन के हवाले से दावा किया गया है कि बांग्लादेश के 130 से 150 पत्रकारों ने एक्रेडिटेशन के लिए अप्लाई किया था। अमजद ने कहा, “जहां तक ​​मुझे पता है, सभी बांग्लादेशी पत्रकारों को रिजेक्ट कर दिया गया था। इस साल करीब 130 से 150 पत्रकारों ने आवेदन किया था, लेकिन किसी को भी एक्रेडिटेशन नहीं मिला।”

मैं इस फैसले की कड़ी निंदा करता हूं- पत्रकार रहमान 

सीनियर पत्रकार, आरिफुर रहमान बाबू, उन चार बांग्लादेशी रिपोर्टरों में से थे जिन्होंने 1996 के आईसीसी विश्व कप को कवर किया था, जिसे भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका ने मिलकर होस्ट किया था। उन्होंने कहा, “भले ही कोई टीम नहीं खेल रही हो, आईसीसी एसोसिएट मेंबर देश के पत्रकारों को अभी भी एक्रेडिटेशन मिल सकता है। मुझे कोई कारण नहीं दिखता कि सभी को रिजेक्ट क्यों किया गया। मैं हैरान हूं, और मैं इस फैसले की कड़ी निंदा और विरोध करता हूं।”

क्या है पूरा विवाद?

बांग्लादेश ने तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से रिलीज किए जाने के बाद सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए अपने ग्रुप-स्टेज के मैच भारत से श्रीलंका में शिफ्ट करने की मांग की थी। बांग्लादेश ने इसके अलावा आयरलैंड के साथ ग्रुप बदलने का भी सुझाव आईसीसी को दिया था। आईसीसी ने बांग्लादेश की मांग नहीं मानी और उसे अपने फैसले पर विचार करने और भारत में ही जाकर खेलने का सुझाव दिया और इस पर फैसला करने के लिए पर्याप्त समय भी दिया।

बीसीबी ने आईसीसी की बात नहीं मानी और अपनी सरकार की सलाह पर सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपनी क्रिकेट टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया। इसके बाद आईसीसी ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को विश्व कप में शामिल किया।

Exit mobile version