Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

इंटरनेशनल क्रिकेट में कमबैक कर रहा ये क्रिकेटर, इस कारण से चल रहा था टीम से बाहर

July 31, 2025

इंटरनेशनल क्रिकेट में कमबैक कर रहा ये क्रिकेटर, इस कारण से चल रहा था टीम से बाहर

Brendan Taylor: जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान ब्रेंडन टेलर एक बार फिर इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ओर से लगाए गए साढ़े तीन साल के बैन की अवधि 25 जुलाई को पूरी हो गई है, और अब जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें दोबारा टीम से जोड़ लिया है। टेलर 7 अगस्त से न्यूजीलैंड के खिलाफ बुलावायो में शुरू होने वाले टेस्ट मैच में टीम का हिस्सा बन सकते हैं।

आईसीसी एंटी करप्शन नियमों के उल्लंघन पर लगा था बैन

ब्रेंडन टेलर पर 2022 में ICC के एंटी करप्शन कोड के उल्लंघन का आरोप लगा था। उन पर आरोप था कि स्पॉट फिक्सिंग के लिए संपर्क किए जाने की जानकारी उन्होंने समय रहते ICC को नहीं दी, जो नियमों का गंभीर उल्लंघन है। इसके चलते टेलर पर साढ़े तीन साल का प्रतिबंध लगा दिया गया था।

टेलर ने बैन लगने के बाद अचानक क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था और किसी भी घरेलू या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लिया। हालांकि, इस दौरान उन्होंने अपनी फिटनेस और ट्रेनिंग पर लगातार काम किया।

ब्रेंडन टेलर का बयान

टेलर ने ईएसपीएन क्रिकइंफो से बातचीत में कहा कि “मुझे उम्मीद नहीं थी कि सीधे प्लेइंग इलेवन में वापसी होगी। लेकिन मैं टीम का हिस्सा बनकर फिर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहता हूं।”

ब्रेंडन टेलर का इंटरनेशनल करियर

ब्रेंडन टेलर के अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो उन्होंने 34 टेस्ट मैचों की 68 पारियों में बल्लेबाजी की है और 36.25 की औसत से कुल 2320 रन बनाए हैं, जिसमें 6 शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा टेलर ने 205 वनडे और 45 टी20 मैच भी खेले हैं। टेलर ने वनडे में जहां 6684 रन बनाए हैं, वहीं टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में वह 934 रन बनाने में सफल रहे हैं। टेलर ने वनडे में 11 शतक और 39 अर्धशतक लगाए हैं, इसके अलावा वह टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 6 अर्धशतक लगाने में सफल रहे हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ मिल सकता है मौका

जिम्बाब्वे बोर्ड ने पुष्टि की है कि टेलर को न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले के लिए टीम में शामिल किया गया है। यह मैच 7 अगस्त से बुलावायो में खेला जाएगा। टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि उनका अनुभव युवा खिलाड़ियों को भी मार्गदर्शन देगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें