Site icon Dainik Savera Times

टीम इंडिया के लिए बड़ी खुशखबरी, इस खिलाड़ी की सर्जरी हुई सफल, बोले- जल्द करूंगा वापसी

Suryakumar Yadav : भारतीय टी20 क्रिकेट टीम के कप्तान और स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव इन दिनों मैदान से दूर हैं। वह न तो इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं और न ही किसी घरेलू टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर आ रहे हैं। बता दें कि आखिरी बार वे मुंबई टी20 लीग में खेलते दिखाई दिए थे। अब उन्होंने अपने प्रशंसकों को अपनी हेल्थ को लेकर अहम जानकारी दी है।

म्यूनिख में हुआ सफल ऑपरेशन

सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि उन्होंने जर्मनी के म्यूनिख में स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी करवाई है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा “पेट के निचले हिस्से में स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी करवाई है। यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सर्जरी के बाद मैं ठीक होने की राह पर हूं। वापसी के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।”

विस्फोटक बल्लेबाज के रूप में पहचान

सूर्यकुमार यादव को उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाना जाता है। 360 डिग्री शॉट खेलने की कला ने उन्हें टी20 क्रिकेट का विशेषज्ञ बना दिया है। वे साल 2021 में भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल डेब्यू कर चुके हैं और तब से अब तक 83 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 2598 रन बना चुके हैं। इनमें उन्होंने 4 शतक और 21 अर्धशतक जमाए हैं।

वनडे और टेस्ट में नहीं छाप छोड़ सके

टी20 में चमक बिखेरने वाले सूर्या, वनडे और टेस्ट क्रिकेट में अब तक वैसा प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। वनडे में उन्होंने 37 मैचों में 773 रन बनाए हैं। वहीं टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने अब तक 1 मैच ही खेला है जिसमें सिर्फ 8 रन ही बना सके। इन दोनों फॉर्मेट में उनके नाम कोई शतक दर्ज नहीं है।

अगला लक्ष्य टी20 वर्ल्ड कप

सूर्यकुमार यादव वर्तमान में भारतीय टी20 टीम के कप्तान हैं और उनसे उम्मीद की जा रही है कि वे अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम की अगुवाई करेंगे। सर्जरी के बाद उनकी वापसी पर सभी की निगाहें टिकी हैं। फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि सूर्या जल्द से जल्द फिट होकर फिर से मैदान में छक्कों की बारिश करें।

Exit mobile version