Hardik Pandya with cameraman: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच शुक्रवार को टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या भारत के लिए मैच विनर बनकर उभरे। अपनी विस्फोटक अर्धशतकीय पारी के दम पर हार्दिक ने भारत को खिताबी जीत दिलायी। हार्दिक ने अपनी पारी के दौरान बड़े-बड़े शॉट लगाए। इसमें एक शॉट सीधे कैमरामैन के कंधे पर जाकर लगा। गेंद अगर कंधे के ऊपर लगी होती, तो कैमरामैन मुश्किल में पड़ सकता था।
पांड्या ने कैमरामैन को लगाया गले
हार्दिक पांड्या ने कैमरामैन से मिलकर उनका हालचाल पूछा और उन्हें गले लगाते हुए दर्द कम करने की कोशिश की। हार्दिक ने कैमरामैन के कंधे पर बर्फ भी रखी। इसका वीडियो बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
Heroes with Heart! 💙
Hardik Pandya 🤝 Cameraman 🎥#TeamIndia | #INDvSA | @hardikpandya7 | @IDFCFIRSTBank pic.twitter.com/Cn0YLBc6Ee
— BCCI (@BCCI) December 20, 2025
BCCI ने शेयर किया वीडियो
बीसीसीआई ने इस घटना का वीडियो शेयर किया है। वीडियो में हार्दिक पांड्या ने कहा, “मैंने काफी सीधा शॉट लगाया था, जो सीधा जाकर उनके कंधे पर गिरा। मैं काफी चिंतित था। भगवान मेरे साथ थे कि गेंद और ऊपर की तरफ नहीं गई। कंधे पर सूजन जरूर होगी, लेकिन वह भी भाग्यशाली हैं कि गेंद ऊपर नहीं लगी। मैं उनसे मिलकर क्षमा मांगने गया था। मैंने पिछले 10 साल के अपने करियर में हमेशा उन्हें अपने आस-पास देखा है। मैं बस यही देखना चाहता था कि वह फिट रहें। मैं खुश हूं कि गेंद कहीं नाजुक जगह पर नहीं लगी और वो फिट हैं।”
ये भी पढ़ें- Hardik Pandya ने तोड़ा युवराज सिंह का रिकॉर्ड, अपने नाम की ये बड़ी उपलब्धि
कैमरामैन ने मुस्कुराते हुए कहा-
वीडियो में कैमरामैन ने विजय का चिन्ह दिखाकर मुस्कुराते हुए कहा, “गेंद कंधे पर लगी थी, थोड़ी ऊपर लगती, तो दिक्कत होती। फिलहाल, सब ठीक है।”
16 गेंदों पर अर्धशतक
हार्दिक पांड्या ने इस मैच में विस्फोटक बल्लेबाजी की और 16 गेंदों पर अर्धशतक लगाते हुए 25 गेंदों पर 5 छक्के और 5 चौके लगाते हुए 63 रनों की पारी खेली। हार्दिक की पारी की बदौलत भारत ने 5 विकेट पर 231 रन बनाए थे। दक्षिण अफ्रीका 8 विकेट पर 201 रन बना सकी और 30 रन से मैच हार गई। हार्दिक मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए। 5 टी20 मैचों की सीरीज भारत ने 3-1 से जीती। सीरीज में 10 विकेट लेने वाले वरुण चक्रवर्ती प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे।

