Site icon Dainik Savera Times

Ind vs Eng: मैनचेस्टर पहुंची टीम इंडिया, अर्शदीप के चोटिल होने के बाद लगा झटका

Ind vs Eng 4th Test

Ind vs Eng 4th Test

Ind vs Eng 4th Test : भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मैच 23 जुलाई से शुरू होगा, जिसके लिए टीम इंडिया रविवार को मैनचेस्टर पहुंच गई। यह मैच एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें भारतीय खिलाड़ी बेहद जोश में नज़र आ रहे हैं। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पहला टेस्ट पांच विकेट से गंवा दिया था, जिसके बाद उसने दूसरा मैच 336 रनों से जीतकर सीरीज़ 1-1 से बराबर कर ली।

तीसरा टेस्ट हारी टीम इंडिया
लॉर्ड्स में खेला गया तीसरा टेस्ट मैच टीम इंडिया लगभग 22 रनों के अंतर से हार गई। इस मैच में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 387 रन बनाए, जिसके जवाब में भारत की पहली पारी भी इसी स्कोर पर समाप्त हुई। इसके बाद मेजबान टीम ने दूसरी पारी में 192 रन बनाए। टीम इंडिया को 193 रनों का लक्ष्य मिला। भारत ने 82 के स्कोर तक सात विकेट गंवा दिए थे। यहां से रवींद्र जडेजा ने टीम को संभालने की कोशिश की। उन्होंने 181 गेंदों में 61 रनों की नाबाद पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

इंडिया को सीरीज जीतने के लिए बचे दोनों मैच जीतने जरूरी
लॉर्ड्स टेस्ट मैच जीतकर इंग्लैंड की टीम ने एक बार फिर सीरीज़ में बढ़त बना ली है। ऐसे में टीम इंडिया के लिए चौथा टेस्ट जीतना बेहद ज़रूरी है। अगर यह मैच ड्रॉ रहता है, तो भारत सीरीज़ नहीं जीत पाएगा। टीम इंडिया को सीरीज़ जीतने के लिए सीरीज़ के बाकी बचे दोनों मैच जीतने होंगे।

तेज गेंदबाज अर्शदीप चोटिल
चौथे टेस्ट से पहले टीम इंडिया को झटका लगा है। तेज़ गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह चोट के कारण इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। अर्शदीप अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल हो गए थे। वहीं, जसप्रीत बुमराह का इस टेस्ट में खेलना संदिग्ध है।

 

Exit mobile version