Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

चौथे टेस्ट मैच के लिए हुआ टीमों का ऐलान, ये खिलाड़ी हुआ पूरी सीरीज के लिए बाहर

July 16, 2025

चौथे टेस्ट मैच के लिए हुआ टीमों का ऐलान, ये खिलाड़ी हुआ पूरी सीरीज के लिए बाहर

Ind vs Eng 4th Test : भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट सीरीज का तीसरा और बेहद रोमांचक मुकाबला सोमवार को इंग्लैंड की जीत के साथ समाप्त हुआ। इसके तुरंत बाद, आगामी टेस्ट के लिए टीमों का ऐलान कर दिया गया है। भारत ने पूरी सीरीज के लिए अपनी टीम पहले से घोषित कर दी थी, जबकि इंग्लैंड हर टेस्ट के पहले अपनी टीम का चयन कर रहा है। इस बीच, चौथे टेस्ट के शुरू होने से पहले इंग्लैंड ने अपनी टीम में एक बदलाव के साथ टीम की घोषणा की है। यह बदलाव पहले से ही अनुमानित था।

सीरीज से हुए बाहर शोएब बशीर
लॉर्ड्स टेस्ट में शोएब बशीर ने भारत का आखिरी विकेट लेते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई। हालांकि, उन्हें इस मैच के दौरान चोट लग गई थी और चौथी पारी में वह गेंदबाजी के लिए नहीं आ रहे थे। लेकिन जब इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने देखा कि मैच उनके हाथ से निकल रहा है, तो उन्होंने शोएब को मैदान पर वापिस बुलाया। शोएब ने मोहम्मद सिराज को आउट करते हुए टीम को महत्वपूर्ण जीत दिलाई। उन्होंने वह काम कर दिखाया जिसके लिए उन्हें मैदान पर वापिस लाया था।

आठ साल बाद टीम में वापसी
इंग्लैंड ने टीम में बदलाव करते हुए शोएब बशीर की जगह लियाम डॉसन को टीम में शामिल किया। लियाम डॉसन का नाम शायद ही किसी ने ज्यादा सुना हो, लेकिन वह एक अच्छे खिलाड़ी हैं। उन्होंने अब तक तीन टेस्ट मैच खेले हैं और इन मैचों में उन्होंने 7 विकेट हासिल किए हैं। उनके वनडे करियर की बात करें तो उन्होंने इंग्लैंड के लिए 6 वनडे मैच खेलकर 5 विकेट लिए हैं। इसके अलावा, डॉसन ने 14 टी20 इंटरनेशनल मैच भी खेले हैं, जिनमें उन्होंने 11 विकेट चटकाए हैं।

भारत के खिलाफ ही किया था डेब्यू
गौरतलब है कि लियाम डॉसन ने 9 साल पहले 2016 में भारत के खिलाफ ही चेन्नई में अपना टेस्ट डेब्यू किया था। 2016 में डेब्यू करने के एक साल बाद 2017 में उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला। इसके बाद से ही वह टेस्ट क्रिकेट से बाहर चल रहे है। लेकिन अब लगभग आठ साल बाद उनकी वापसी हो रही है। खास बात ये है कि वे भारतीय टीम के खिलाफ ही खेलेंगे, जिसके खिलाफ उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी। भारत और इंग्लैंड के बीच अगला मैच 23 जुलाई से मेनचेस्टर में खेला जाएगा।

चौथे टेस्ट के लिए इंग्लैंड टीम :
बेन स्टोक्स (कप्तान), जो रूट, जैकब बेथेल, गस एटकिंसन, हैरी ब्रुक, ब्रायडन कार्से, जैक क्रॉली, ओली पोप, लियाम डॉसन, बेन डकेट, जोफ्रा आर्चर, क्रिस वोक्स, जेमी ओवरटन, जोश टंग।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें