Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

IND vs ENG 5th Test: तीसरे दिन का खेल समाप्त; इंग्लैंड का स्कोर 50/1, जीत के लिए चाहिए 324 रन

August 3, 2025

IND vs ENG 5th Test: तीसरे दिन का खेल समाप्त; इंग्लैंड का स्कोर 50/1, जीत के लिए चाहिए 324 रन

IND vs ENG 5th Test: भारत और इंग्लैंड के बीच द ओवल में खेले जा रहे पांचवें टेस्ट का तीसरा दिन समाप्त हो गया। दिन की समाप्ति के समय इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में 1 विकेट के नुकसान पर 50 रन बना लिया था। अब इंग्लैंड को जीत के लिए 324 रनों की जरुरत है।

इंग्लैंड के लिए पारी की शुरुआत करने उतरे जैक क्रॉले और बेन डकेट ने पहले विकेट के लिए 13.5 ओवर में 50 रन जोड़े। मोहम्मद सिराज ने जैक क्रॉले को 14 के स्कोर पर बोल्ड किया। इस विकेट के साथ ही दिन के खेल की समाप्ति की घोषणा कर दी गई। बेन डकेट 34 रन बनाकर नाबाद हैं।

इससे पहले टीम इंडिया की दूसरी पारी में 396 रन पर सिमट गई थी। यशस्वी जायसवाल के शतक के बाद रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर ने 53-53 रनों की अर्धशतकीय पारी खेल टीम का स्कोर 396 रनों तक पहुंचाया।

भारत ने तीसरे दिन की शुरुआत 2 विकेट पर 75 रन से की थी। पहले सत्र का आकर्षण तेज गेंदबाज आकाश दीप रहे। उन्होंने बल्ले से कमाल किया और अपना पहला अर्धशतक लगाया। आकाश 94 गेंद पर 66 रन बनाकर आउट हुए। गिल 11 और नायर 17 रन बनाकर आउट हुए।

यशस्वी जायसवाल ने एक छोर थामे रखा और बेहतरीन शतक लगाया। जायसवाल का यह छठा टेस्ट शतक था। उन्होंने 164 गेंद पर 2 छक्के और 12 चौके लगाते हुए 118 रन बनाए।

रवींद्र जडेजा ने 77 गेंद पर 53, ध्रुव जुरेल ने 46 गेंद पर 34 और वाशिंगटन सुंदर ने 46 गेंद पर 53 रन बनाकर टीम का स्कोर 396 तक पहुंचाया। इंग्लैंड को पहली पारी में 23 रन की लीड मिली थी।

इंग्लैंड के लिए जोश टंग ने 5, गस एटकिंसन ने 3 और जोमी ओवर्टन ने 2 विकेट लिए।

इंग्लैंड की पहली पारी 247 रन पर सिमटी थी। इंग्लैंड के लिए जैक क्रॉली ने 64 और हैरी ब्रूक ने 53 रन बनाए थे। भारत के लिए मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने 4-4 विकेट लिए थे।

वहीं, भारत की पहली पारी 224 रनों पर सिमटी थी। सर्वाधिक 57 रन करुण नायर ने बनाए थे। गस एटकिंसन ने 5 विकेट लिए थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें