Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

1-0 की बढ़त के बाद श्रीलंका पर क्लीन स्वीप की नजर, कोलंबो में भारत का कैसा है रिकॉर्ड

August 20, 2026

1-0 की बढ़त के बाद श्रीलंका पर क्लीन स्वीप की नजर, कोलंबो में भारत का कैसा है रिकॉर्ड

खेल डेस्क: भारत और श्रीलंका के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच 23 अगस्त से कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेला जाना है। सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर चुकी भारतीय टीम दूसरे टेस्ट को जीतकर श्रीलंका का सूपड़ा साफ करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

भारतीय टीम का रिकॉर्ड कोलंबो के इस मैदान पर मिलाजुला रहा है। भारत ने 1985 से लेकर अब तक इस मैदान पर कुल 9 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें से टीम को 3 में जीत मिली है, जबकि 2 मुकाबलों में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, 4 टेस्ट मैचों का अंत ड्रॉ के रूप में हुआ है। हालांकि, इस ग्राउंड पर खेले गए आखिरी टेस्ट में भारतीय टीम का प्रदर्शन लाजवाब रहा था।

साल 2017 में विराट कोहली की कप्तानी में खेलते हुए टीम इंडिया ने श्रीलंका को एक पारी और 53 रनों से हराया था। इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 622 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित की थी और श्रीलंका को फॉलोऑन खेलने पर भी मजबूर किया था। रवींद्र जडेजा ने इस टेस्ट में कुल 7 विकेट अपने नाम करने के साथ-साथ नाबाद अर्धशतकीय पारी भी खेली थी।

सीरीज के पहले टेस्ट में भारतीय टीम का प्रदर्शन लाजवाब रहा। शुभमन गिल की अगुवाई में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 165 रनों से हराया। भारत से मिले 372 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दूसरी पारी में श्रीलंका की पूरी टीम महज 206 रन बनाकर ऑलआउट हुई। भारत की ओर से गेंदबाजी में मानव सुथार की घूमती गेंदों का जादू जमकर चला और उन्होंने दोनों पारियों को मिलाकर 10 विकेट निकाला। मानव ने पहली पारी में 4 और दूसरी इनिंग में छह विकेट झटके।

वहीं, बल्लेबाजी में देवदत्त पडिक्कल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 167 रनों की यादगार पारी खेली। पडिक्कल को उनकी उम्दा पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। इस जीत के साथ ही भारत ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को भी जिंदा रखा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें