Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL 2025 : अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास, T20 अंतर्राष्ट्रीय के बाद IPL में भी बनाया सबसे बड़ा रिकॉर्ड

April 14, 2025

IPL 2025 : अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास, T20 अंतर्राष्ट्रीय के बाद IPL में भी बनाया सबसे बड़ा रिकॉर्ड

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने आखिरकार आईपीएल 2025 में वह प्रदर्शन दिखाया जिसकी उनसे अपेक्षा थी। हालांकि यह इस सीजन में उनके छठे मैच में सनराइजर्स की केवल दूसरी जीत थी, लेकिन अभिषेक शर्मा के तूफानी शतक ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। 55 गेंदों पर 141 रनों की आतिशी खेलने वाले अभिषेक को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया है क्योंकि इस प्रदर्शन के दम पर सनराइजर्स ने पंजाब किंग्स द्वारा दिए गए 246 रनों के टारगेट को 18.3 ओवर में सिर्फ दो विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।

यह आईपीएल में अभिषेक का पहला शतक था। खास बात यह है कि वे टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में दो शतक ठोक चुके हैं। इन शतकों के साथ अभिषेक के नाम दो बड़े रिकॉर्ड भी दर्ज हो चुके हैं। बाएं हाथ की इस बैटिंग सनसनी ने टी20 अंतर्राष्ट्रीय के साथ आईपीएल में भी किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर बनाया है। अभिषेक का 141 रनों का स्कोर किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर तो है ही, उनके द्वारा इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई 135 रनों की पारी भी किसी भारतीय के लिए सबसे बड़ी टी20 पारी है। अभिषेक ने इसी साल फरवरी में वानखेड़े स्टेडियम में यह पारी खेली थी।

अभिषेक शर्मा ने व्यक्तिगत स्कोर बनाने के मामले में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए भी बड़ा रिकॉर्ड बना दिया। यह इस टीम के लिए बनाया गया सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी है क्योंकि अभिषेक ने डेविड वार्नर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इससे पहले किसी बल्लेबाज ने सनराइजर्स के लिए एक पारी में 10 छक्के भी नहीं लगाए थे। अभिषेक ने इस पारी में 24 बाउंड्री लगाई। उन्होंने 19 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया और वह 20 से कम गेंदों पर तीन बार ऐसा कर चुके हैं।

अभिषेक को शतक तक पहुंचने में 40 गेंद लगी जो आईपीएल इतिहास में पांचवी सबसे तेज पारी है। भारतीय बल्लेबाजों में युसुफ पठान के नाम सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड है, जो उन्होंने 37 गेंदों पर बनाया था। वहीं, आईपीएल में सबसे तेज शतक का ओवरऑल रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है जिन्होंने 2013 में सिर्फ 30 गेंदों पर आरसीबी के लिए यह पारी खेली थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें