Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL 2025: अजय जडेजा ने बताया ये खिलाड़ी है अलग विराट कोहली, इसके पास है कमाल की बल्लेबाजी

May 4, 2025

IPL 2025: अजय जडेजा ने बताया ये खिलाड़ी है अलग विराट कोहली, इसके पास है कमाल की बल्लेबाजी

Ajay Jadeja: पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजय जडेजा का मानना है कि शुभमन गिल जिस तरह से लगातार रन बना रहे हैं, वह विराट कोहली की बल्लेबाजी शैली की याद दिलाता है। जडेजा ने कहा कि गिल के पास कमाल की बल्लेबाजी कला है।

गुजरात टाइटंस (जीटी) के कप्तान गिल ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 76 रन की शानदार पारी खेली, जिससे टीम ने 224/6 रन बनाए। इस पारी की बदौलत जीटी ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 38 रन से हरा दिया और अंक तालिका में 14 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई। मुंबई इंडियंस (एमआई) के भी इतने ही अंक हैं।

गिल अब तक 10 मैचों में 465 रन बना चुके हैं और आईपीएल 2025 के सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में चौथे स्थान पर हैं। इस सूची में पहले नंबर पर उनके ही ओपनिंग साथी साई सुदर्शन हैं।

जडेजा ने जियो हॉटस्टार पर कहा, शुभमन गिल की बल्लेबाजी अब सामान्य लगने लगी है क्योंकि वह इतनी निरंतरता से रन बनाते हैं। हमारे पास विराट कोहली हैं, लेकिन गिल भी किसी से कम नहीं हैं। अगर आप निरंतरता की बात करें तो यह एक जैसी है। वह बिना जोखिम लिए गेंदबाज की गलती का इंतजार करते हैं। जब तक जरूरत न हो, वह अपना विकेट नहीं फेंकते। तकनीक के मामले में गिल शानदार हैं। गिल ने ऑफ साइड में शानदार कवर ड्राइव लगाए। गिल के शॉट्स में उनकी बल्लेबाजी का एक नया अंदाज था। वह हमेशा की तरह मजबूत दिखे।

जडेजा ने आगे बताया कि गुजरात की शानदार फील्डिंग ने भी हैदराबाद को दबाव में डाला। उन्होंने कहा, अगर कोई एक शब्द जीटी के लिए कहा जाए तो वह है – ‘एनर्जी’। राशिद खान का वह कैच और फील्डरों की डाइविंग कमाल की थीं। उन्होंने दौड़कर, स्लाइड करके कैच लिया। इस मैच में उन्होंने पूरी ताकत झोंकी और हार के बाद मजबूत वापसी की।

तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने भी शानदार गेंदबाजी की, 4 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट लिए और जोश हेजलवुड को पीछे छोड़कर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। अब गुजरात टाइटंस को तीन दिन का रेस्ट मिलेगा, इसके बाद 6 मई को वानखेड़े स्टेडियम में हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस से मुकाबला होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें