Rohit Sharma : स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा ने कहा कि लंबे समय तक खराब किस्मत के बावजूद उन्होंने कभी अपनी क्षमता पर संदेह नहीं किया और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अर्धशतकीय पारी को अपने कौशल पर विश्वास दिखाने का परिणाम बताया।
मैन ऑफ द मैच चुने गए रोहित ने 45 गेंदों पर नाबाद 76 रन बनाए, जिसमें चार चौके और छह छक्के शामिल थे। उनकी शानदार पारियों की मदद से मुंबई इंडियंस ने मैच नौ विकेट से जीत लिया। यह रोहित का आईपीएल के मौजूदा सत्र का पहला अर्धशतक है। इससे पहले के मैचों में वह 0, 8, 13, 17, 18 और 26 रन ही बना सके थे।
रोहित ने मैच के बाद कहा, ‘लंबे समय तक रन नहीं बना पाने के बाद अपनी क्षमता पर संदेह करना और अलग तरीका अपनाना आसान होता है. मेरे लिए अच्छा अभ्यास करना और गेंद को अच्छी तरह हिट करना महत्वपूर्ण था. जब आपकी मानसिकता साफ होती है तो ऐसी चीजें हो सकती हैं.’ मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान ने कहा कि अगर आप अपनी क्षमता पर संदेह करने लगते हैं तो दबाव बढ़ सकता है.
“बहुत समय हो गया है (बड़ा स्कोर बनाए हुए) लेकिन अगर आप खुद पर संदेह करने लगते हैं, तो आप खुद पर दबाव डालते हैं। आप कैसे खेलना चाहते हैं, इसमें संतुलन बनाना महत्वपूर्ण है। आज मैं गेंद को हिट करना चाहता था लेकिन नियंत्रण में रहना भी महत्वपूर्ण है।” रोहित ने कहा, “अगर गेंद मेरी पहुंच में होती तो मैं उस पर वैसा ही शॉट मारने की कोशिश करता जैसा मैं हमेशा करता हूं। यह लगातार नहीं हो रहा था लेकिन मैंने कभी खुद पर संदेह नहीं किया।”
रोहित ने अपना अधिकांश क्रिकेट वानखेड़े स्टेडियम में खेला है, जहां उनके सम्मान में एक स्टैंड बनाया गया है। रोहित ने इस संदर्भ में कहा, ‘यह बहुत बड़ा सम्मान है। जब मैं बच्चा था तो यहां मैच देखने आया करता था। एक समय ऐसा भी था जब हमें यहां आने की इजाजत नहीं थी। मैं इस मैदान पर खेलते हुए बड़ा हुआ हूं, और अब यह स्टैंड, यह मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। मुझे नहीं पता कि जब यह तैयार हो जाएगा तो मेरी क्या प्रतिक्रिया होगी।

