
IND vs ENG, 5th Test : भारत और इंग्लैंड के बीच जारी 5 मैचों की रोमांचक टेस्ट सीरीज अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। इंग्लैंड फिलहाल सीरीज में 2-1 से आगे है और अब केनिंग्टन ओवल में 5वां और निर्णायक टेस्ट खेला जाना है। इस बीच इंग्लैंड के लिए बड़ी चर्चा का विषय बनकर उभरे हैं तेज गेंदबाज़ जोफ्रा आर्चर, जिन्होंने चार साल बाद टेस्ट क्रिकेट में जोरदार वापसी की है।
लॉर्ड्स में धमाकेदार वापसी
जोफ्रा आर्चर ने लॉर्ड्स टेस्ट में तीसरी ही गेंद पर विकेट चटकाकर शानदार आगाज़ किया। उन्होंने पूरे मैच में 5 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद मैनचेस्टर में खेले गए चौथे टेस्ट में भी उन्होंने 4 विकेट लिए, हालांकि इंग्लैंड यह मैच नहीं जीत पाया।
पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज़ स्टुअर्ट ब्रॉड की सलाह, आर्चर को दें आराम
पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज़ स्टुअर्ट ब्रॉड ने जोफ्रा आर्चर के वर्कलोड को लेकर चिंता जताई है। ब्रॉड ने कहा कि, “हम आर्चर को चार साल बाद वापसी के लिए तैयार कर रहे हैं। अब उसे फिर से थका कर बाहर नहीं करना चाहते। उसे ओवल टेस्ट से आराम मिलना चाहिए ताकि वह नवंबर में होने वाली एशेज सीरीज के लिए पूरी तरह फिट रह सके।” ब्रॉड का मानना है कि आर्चर को लगातार दो टेस्ट खेलने के बाद वर्कलोड मैनेजमेंट की जरूरत है।
नए गेंदबाज़ों को मौका देने की वकालत
ब्रॉड ने यह भी सुझाव दिया कि अब टीम को गस एटकिंसन और जोश टंग जैसे गेंदबाजों को आजमाना चाहिए। दरअसल गस एटकिंसन को अब तक ज्यादा मौके नहीं मिले हैं, लेकिन ब्रॉड का मानना है कि ओवल टेस्ट उनके लिए एक बेहतर प्लेटफॉर्म हो सकता है। वहीं, जोश टंग, जिन्होंने सीरीज की शुरुआत की थी, उन्हें भी एक विकल्प के तौर पर देखा जा सकता है। ब्रॉड ने चौथे टेस्ट में खेले ब्राइडन कार्स की थकान पर भी चिंता जताई और कहा कि अब वक्त है जब रोटेशन और फ्रेशनेस को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
एशेज की तैयारियों पर फोकस
इंग्लैंड के लिए इस साल का सबसे बड़ा टेस्ट चैलेंज एशेज सीरीज है, जो नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में खेली जाएगी। ऐसे में टीम प्रबंधन का लक्ष्य होगा कि उसके मुख्य गेंदबाज़ शत-प्रतिशत फिट और मानसिक रूप से तरोताजा रहें। ओवल टेस्ट न केवल सीरीज का फैसला करेगा, बल्कि यह भी दिखाएगा कि इंग्लिश टीम अपने खिलाड़ियों के वर्कलोड और बैलेंस को कैसे मैनेज करती है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...