Site icon Dainik Savera Times

LSG vs RCB का मुकाबला आज हो सकता है रद्द… IPL चेयरमैन ने दी बड़ी जानकारी

IPL 2025 : भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच IPL 2025 के मैचों पर भी असर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को पठानकोट हमले के बाद पंजाब और दिल्ली के बीच धर्मशाला में खेला जा रहा मैच सुरक्षा कारणों से रोक दिया गया था। अब सवाल उठ रहा है कि क्या शुक्रवार को लखनऊ में होने वाला लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का मुकाबला भी रद्द किया जा सकता है?

भारत-पाकिस्तान तनाव और IPL पर असर

पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ के तहत पाकिस्तान के अंदर 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया। इसके जवाब में पाकिस्तान की सेना ने सीमावर्ती क्षेत्रों में फायरिंग और ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं। गुरुवार को जम्मू, पठानकोट सहित कई जगहों पर ड्रोन गतिविधियां देखी गईं, जिनका भारतीय सुरक्षा बलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।

धर्मशाला में खेला जा रहा मैच रोकना पड़ा क्योंकि पठानकोट से उसकी दूरी सिर्फ 85 किलोमीटर थी। खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी को तुरंत वहां से सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।

क्या लखनऊ का आज का मुकाबला होगा?

आज शाम 7:30 बजे से लखनऊ के इकाना स्टेडियम में LSG और RCB के बीच IPL 2025 का 59वां मुकाबला होना है, जो प्लेऑफ की रेस में अहम भूमिका निभा सकता है। इसको लेकर जब IPL चेयरमैन अरुण धूमल से सवाल किया गया, तो उन्होंने पीटीआई को बताया: “हां, यह मैच फिलहाल तय कार्यक्रम के अनुसार होगा, लेकिन हम हालात पर नज़र रखे हुए हैं। यदि ज़रूरत पड़ी तो सभी हितधारकों के हित में फैसला लिया जाएगा।”

हालांकि आज का LSG बनाम RCB मुकाबला रद्द नहीं किया गया है, लेकिन सुरक्षा हालात के चलते अंतिम समय में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। फैंस और खिलाड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

विदेशी खिलाड़ियों में असुरक्षा का माहौल

हालांकि भारतीय सेना ने हर हमले को नाकाम किया है, लेकिन सुरक्षा हालात को लेकर विदेशी खिलाड़ियों में चिंता जरूर बढ़ गई है। ऑस्ट्रेलिया की मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पंजाब किंग्स के कोच रिकी पोंटिंग और अन्य ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी जल्द से जल्द भारत छोड़ने की तैयारी में हैं। इस स्थिति में बीसीसीआई के लिए टूर्नामेंट को सुचारु रूप से जारी रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

Exit mobile version