Site icon Dainik Savera Times

पाकिस्तानी टीम को लगा बड़ा झटका… टीम से बाहर हुआ ये खिलाड़ी, मोहम्मद हैरिस बन सकते हैं नए उपकप्तान

Shadab Khan : पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को आगामी टी20 सीजन की शुरुआत से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के नियमित टी20 उपकप्तान शादाब खान कंधे की चोट के चलते लगभग तीन महीनों के लिए मैदान से बाहर हो गए हैं। उनके स्थान पर मोहम्मद हैरिस को टीम का नया उपकप्तान बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।

कंधे की सर्जरी के लिए इंग्लैंड रवाना होंगे शादाब

शादाब खान अपने दाहिने कंधे में लगातार हो रही परेशानी के चलते अब सर्जरी करवाने वाले हैं। यह सर्जरी इंग्लैंड में होगी और पूरी तरह से फिट होने में उन्हें करीब तीन महीने का समय लग सकता है। ऐसे में वे पाकिस्तान टीम के आगामी सभी बड़े मुकाबलों से बाहर हो सकते हैं।

आगामी महीनों में पाकिस्तान को बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज, वेस्टइंडीज दौरा, त्रिकोणीय सीरीज (अफगानिस्तान और यूएई के साथ) और एशिया कप 2025 जैसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट खेलने हैं। शादाब की गैरमौजूदगी में टीम की रणनीति और संतुलन पर असर पड़ सकता है।

हैरिस को मिल सकती है उपकप्तानी की जिम्मेदारी

शादाब खान की अनुपस्थिति में 24 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद हैरिस को उपकप्तान की जिम्मेदारी दी जा सकती है। हैरिस पहले भी पाकिस्तान ए टीम, शाहीन्स और घरेलू क्रिकेट में नेतृत्व कर चुके हैं। उनकी उम्र कम जरूर है लेकिन कप्तानी का अनुभव और आक्रामक खेलने का अंदाज़ उन्हें टीम में नेतृत्व की भूमिका के लिए उपयुक्त बनाता है।

बांग्लादेश सीरीज की तैयारियां शुरू

पाकिस्तान टीम 8 जुलाई से कराची के नेशनल बैंक क्रिकेट एरिना में ट्रेनिंग कैंप शुरू करेगी। बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम 16 जुलाई को रवाना होगी। यह सीरीज 20, 22 और 24 जुलाई को खेली जाएगी।

अन्य खिलाड़ियों की फिटनेस भी बनी चिंता

शादाब खान के अलावा तेज गेंदबाज नसीम शाह और मोहम्मद वसीम जूनियर भी पूरी तरह फिट नहीं हैं। ऐसे में तेज गेंदबाजी विभाग को मजबूती देने के लिए सलमान मिर्जा को टीम में शामिल किया जा सकता है। मिर्जा ने हाल ही में पीएसएल 10 में चार मैचों में 9 विकेट चटकाकर अपना प्रभाव छोड़ा है।

Exit mobile version