Site icon Dainik Savera Times

लॉर्ड्स टेस्ट में चोटिल हुए ऋषभ पंत, मैनचेस्टर टेस्ट में खेलेंगे या नहीं? टीम इंडिया के कोच का सामने आया बड़ा बयान

IND vs ENG : इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर 22 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को पहले ही दिन कीपिंग करते हुए उंगली में चोट लग गई थी, जिसके बाद वे सिर्फ बल्लेबाजी के लिए ही मैदान पर उतरे। अब 23 जुलाई से मैनचेस्टर में होने वाले चौथे टेस्ट में पंत की उपलब्धता को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।

कोच टेन डोएशे का बयान: “हम वही गलती दोबारा नहीं दोहराना चाहते”

टीम इंडिया के सहायक कोच रेयान टेन डोएशे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऋषभ पंत की फिटनेस को लेकर कहा, कि “तीसरे टेस्ट में पंत ने काफी दर्द के साथ बल्लेबाजी की। हम उस स्थिति से दोबारा नहीं गुजरना चाहते, जिसमें हमें मैच के बीच में विकेटकीपर बदलना पड़े। आज के प्रैक्टिस सेशन में उन्होंने हिस्सा नहीं लिया और आराम किया। हम उन्हें पूरी तरह से रिकवरी का समय दे रहे हैं। उम्मीद है कि मैनचेस्टर टेस्ट तक वे फिट हो जाएंगे।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पंत को अंतिम रूप से खेलने के लिए विकेटकीपिंग के लिए परखा जाएगा। यदि वह इस भूमिका के लिए पूरी तरह से फिट नहीं होते, तो टीम उन्हें एक स्पेशलिस्ट बल्लेबाज के रूप में भी मैदान में उतार सकती है।

सीरीज में पंत का धमाकेदार प्रदर्शन

ऋषभ पंत मौजूदा टेस्ट सीरीज में बेहतरीन फॉर्म में नजर आए हैं। बता दें कि अब तक उन्होंने 6 पारियों में 425 रन बनाए हैं। उनका औसत रहा है 70.83, जो किसी भी बल्लेबाज के लिए शानदार आंकड़ा है। वहीं इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 2 अर्धशतक भी जड़े हैं। पंत, कप्तान शुभमन गिल के बाद टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। लॉर्ड्स टेस्ट में भी उन्होंने पहली पारी में 74 रनों की जुझारू पारी खेली थी, हालांकि दूसरी पारी में वह केवल 9 रन बना पाए।

चोट बनी चिंता का कारण

पंत की चोट गंभीर न सही, लेकिन लगातार दर्द और असहजता उनके शॉट खेलने की क्षमता को प्रभावित कर रही है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता। अगर वे कीपिंग करने में असमर्थ रहते हैं, तो टीम को एक वैकल्पिक विकेटकीपर जैसे केएस भरत या ईशान किशन को शामिल करना पड़ सकता है।

Exit mobile version