Site icon Dainik Savera Times

SL vs BAN T20: श्रीलंका को लगा बड़ा झटका, बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज से बहार हुआ ये स्टार गेंदबाज

कोलंबो SL vs BAN: टेस्ट और वनडे सीरीज में जीत दर्ज करने के बाद श्रीलंका, बांग्लादेश के खिलाफ गुरुवार से टी20 सीरीज खेलेगी। वहीं, टी20 सीरीज से पहले श्रीलंका को बड़ा झटका लगा है। मुख्य स्पिनर वानिंदु हसरंगा टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं।

टी20 सीरीज से बाहर हुए हसरंगा
हसरंगा इंजरी की वजह से टी20 सीरीज से बाहर हुए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ मंगलवार को खेले गए वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में हसरंगा को बल्लेबाजी के दौरान दाहिने पैर में चोट लग गई थी। इस मैच में जीत दर्ज करते हुए श्रीलंका ने सीरीज पर 2-1 से कब्जा किया।

हसंरगा के विकल्प के रूप में किसी खिलाड़ी के नाम की घोषणा नहीं
हसरंगा का बाहर होना श्रीलंका के लिए इसलिए भी निराशाजनक है, क्योंकि बेहतरीन स्पिनर होने के साथ-साथ वह निचले क्रम के आक्रामक बल्लेबाज भी हैं। हसरंगा कोलंबो लौटेंगे और हाई परफॉर्मेंस सेंटर (एचपीसी) में फिटनेस पर काम करेंगे। उनका लक्ष्य श्रीलंका की अगली सीरीज तक फिट होना है। श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने अभी तक हसंरगा के विकल्प के रूप में किसी खिलाड़ी के नाम की घोषणा नहीं की है।

श्रीलंका क्रिकेट ने टीम में कई बदलाव किए
बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के चयनकर्ताओं ने टीम में कई बदलाव किए हैं। कुसल मेंडिस, दिनेश चांदीमल और कुसल परेरा जैसे अनुभवी नामों के साथ-साथ कामिंदु मेंडिस और अविष्का फर्नांडो जैसी उभरती प्रतिभाओं को बतौर बल्लेबाज मौका दिया गया है। पूर्व कप्तान और ऑलराउंडर दासुन शनाका की भी वापसी हुई है।

तेज गेंदबाजी में मथीशा पथिराना, बिनुरा फर्नांडो और नुवान तुषारा को मौका दिया गया है। हसरंगा की अनुपस्थिति में स्पिन गेंदबाजी की कमान महेश तिक्षाणा, दुनिथ वेलालागे और जेफ्री वेंडरसे को मौका दिया गया है।

श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच अब तक 17 टी20 मैच खेले गए हैं। इसमें 11 मैच श्रीलंका ने और 6 मैच बांग्लादेश ने जीते हैं। इस तरह श्रीलंका का पलड़ा भारी है।

श्रीलंका टी20 टीम –

चरिथ असलांका (कप्तान), पथुम निसांका, कुसल मेंडिस, दिनेश चांडीमल, कुसल परेरा, कामिंदु मेंडिस, अविष्का फर्नांडो, दासुन शनाका, डुनिथ वेलालेज, महीश थीक्षाना, जेफरी वांडरसे, चमिका करुणारत्ने, मथीशा पथिराना, नुवान तुषारा, बिनुरा फर्नांडो, ईशान मलिंगा।

Exit mobile version