Dainik Savera Times

गुवाहाटी टेस्ट: भारत की टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी हार, 408 रनों से जीती साउथ अफ्रीका

खेल डेस्क:  गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 408 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। इसके साथ ही उन्होंने दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। यह जीत दक्षिण अफ्रीका के लिए इसलिए भी खास रही क्योंकि उन्होंने 25 साल पुराना इतिहास दोहराया है, साल 2000 में भी दक्षिण अफ्रीका ने भारत में 2-0 से सीरीज जीतकर क्लीन स्वीप किया था।

दक्षिण अफ्रीका ने दिया था लगभग असंभव लक्ष्य
दूसरे टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को जीत के लिए 549 रन का विशाल लक्ष्य दिया था। आखिरी दिन भारत को 522 रन और बनाने थे, लेकिन चौथे दिन तक ही उनके दो विकेट गिर चुके थे। पांचवें दिन दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों ने सिर्फ दो सेशन में ही भारत के बाकी 8 विकेट झटक लिए और आसान अंदाज़ में मैच जीत लिया।

हार्मर और जेनसेन रहे जीत के सबसे बड़े हीरो
इस मैच में दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। मार्को जेनसेन ने पहली पारी में घातक गेंदबाजी की और 6 विकेट लिए। दूसरी पारी में उन्हें 1 विकेट मिला। वहीं ऑफ स्पिनर साइमन हार्मर ने दूसरी पारी में कमाल कर दिया और 8 विकेट चटका डाले। पहली पारी में भी उन्होंने 3 विकेट लिए। यानी मैच में कुल 11 विकेट झटके। मार्को जेनसेन सिर्फ गेंद से ही नहीं, बल्कि बल्ले से भी चमके। उन्होंने पहली पारी में 93 रन की शानदार पारी खेली।

मैच का पूरा हाल
दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और पहली पारी में 489 रन बनाए। टीम के लिए सेनुरन मुथुसामी ने बेहतरीन 109 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम पहली पारी में सिर्फ 201 रन बनाकर आउट हो गई। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने दूसरी पारी में 260 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। भारत को जीत के लिए 549 रन का टारगेट मिला, लेकिन टीम दूसरी पारी में सिर्फ 140 रन पर सिमट गई। इस तरह भारत को 408 रन से करारी हार झेलनी पड़ी।

Exit mobile version