Site icon Dainik Savera Times

पूर्व क्रिकेटर ने निभाया वादा, विनोद कांबली की मदद के लिए आए आगे… हर महीने देंगे इतने रुपए

खेल डेस्क: पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली इन दिनों सेहत और आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। उनकी तबीयत में कुछ ठीक नहीं चल रही और साथ ही वे गंभीर वित्तीय संकट से भी गुजर रहे हैं। इस बुरे वक्त में उनका साथ देने के लिए पुराने साथी और भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर उनकी मदद के लिए आगे आए हैं। गावस्कर की संस्था CHAMPS फाउंडेशन अब हर महीने विनोद कांबली को 30,000 रुपए की आर्थिक मदद देगी। इसके साथ ही सालाना 30,000 रुपए की मेडिकल सहायता भी दी जाएगी।

गावस्कर ने निभाया अपना वादा
दिसंबर 2024 में मुंबई के शिवाजी पार्क में उनके कोच रमाकांत आचरेकर के स्मारक के उद्घाटन समारोह में सुनील गावस्कर ने कांबली की मदद का वादा किया था। अब उन्होंने अपना वादा पूरा करते हुए CHAMPS फाउंडेशन के ज़रिए मदद शुरू कर दी है।

उन्हें मेरी जरूरत है, मैं अब उनके साथ हूं: कांबली की पत्नी 
जनवरी 2025 में कांबली की पत्नी एंड्रिया हेविट ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने 2023 में तलाक की अर्जी दी थी, लेकिन बाद में अपने पति की हालत देखकर वह अर्जी वापस ले ली। उन्होंने कहा था, “मैंने कांबली को छोड़ने के बारे में सोचा था, लेकिन उनकी हालत देखकर मेरा मन नहीं माना। वह एक बच्चे जैसे हो गए हैं। मुझे हर वक्त उनकी चिंता लगी रहती है – क्या उन्होंने खाना खाया है, वो बिस्तर पर ठीक से हैं या नहीं। मुझे एहसास हुआ कि उन्हें मेरी जरूरत है। इसलिए मैं अब उनके साथ हूं।”

करियर शानदार लेकिन जीवन संघर्षपूर्ण
विनोद कांबली ने भारत के लिए कई यादगार पारियां खेली हैं, लेकिन क्रिकेट से रिटायर होने के बाद उनका जीवन उतना सफल नहीं रहा। सेहत खराब होने के साथ-साथ अब उनकी आर्थिक हालत भी खराब हो गई है। इस समय जब वे अकेलेपन और बीमारी से जूझ रहे हैं, तब सुनील गावस्कर का यह कदम ना सिर्फ इंसानियत की मिसाल है, बल्कि खेल की दुनिया में पुराने रिश्तों की अहमियत को भी दर्शाता है।

Exit mobile version