Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

टी20 वर्ल्ड कप: किस तरह सेमीफाइनल में पहुंचेगी टीम इंडिया? जानिए समीकरण

February 25, 2026

टी20 वर्ल्ड कप: किस तरह सेमीफाइनल में पहुंचेगी टीम इंडिया? जानिए समीकरण

खेल डेस्क। भारत और जिम्बाब्वे के बीच गुरुवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का ‘सुपर-8’ मुकाबला एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाना है, जिसे जीतना टीम इंडिया के लिए बेहद जरूरी होगा। हालांकि, इस मुकाबले से पहले ही भारतीय टीम की किस्मत काफी हद तक तय हो जाएगी। गुरुवार को भारत-जिम्बाब्वे मैच से पहले साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच सुपर-8 का मुकाबला खेला जाना है, जिसमें साउथ अफ्रीका की जीत भारत के लिए फायदेमंद होगी। आइए, इस समीकरण को समझते हैं।

ये भी देखें :-

सुपर-8 में जिम्बाब्वे को 107 रन से रौंदकर वेस्टइंडीज +5.350 नेट रन रेट के साथ ग्रुप-1 में शीर्ष पर है, जबकि साउथ अफ्रीकी टीम भारत को 76 रन से मात देने के बाद +3.800 नेट रन रेट के साथ दूसरे पायदान पर मौजूद है। भारत (-3.800 नेट रन रेट) सुपर-8 का पहला मैच गंवाने के बाद प्वाइंट्स टेबल में तीसरे और जिम्बाब्वे (-5.350 नेट रन रेट) चौथे स्थान पर मौजूद है।

अगर टीम इंडिया अपने अगले मुकाबलों में जिम्बाब्वे (26 फरवरी) और वेस्टइंडीज (1 मार्च) को मात देती है, तो उसके 4 अंक होंगे। इसके साथ ही अगर साउथ अफ्रीकी टीम वेस्टइंडीज (26 फरवरी) और जिम्बाब्वे (1 मार्च) को शिकस्त दे, तो उसके पास 6 प्वाइंट्स होंगे। ऐसे में वेस्टइंडीज के पास 2 अंक होंगे, जबकि जिम्बाब्वे के पास 0 अंक होगा और टीम इंडिया ग्रुप-1 में दूसरे पायदान पर रहते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लेगी।

अगर गुरुवार के मुकाबले में वेस्टइंडीज की टीम साउथ अफ्रीका को मात देती है और साउथ अफ्रीकी टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत दर्ज करती है, तो भारत, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के पास 4-4 अंक होंगे। ऐसे में बेहतरीन नेट रन रेट वाली दो टीमें सेमीफाइनल में होंगी। नॉकआउट में पहुंचने के लिए भारत को जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी।

ग्रुप-2 में इंग्लैंड सुपर-8 के शुरुआती दोनों मैच जीतकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल करने वाली पहली टीम बनी है। इस ग्रुप में पाकिस्तान के लिए अगले दौर में पहुंचना मुश्किल हो गया है, जिसने पहला मैच बारिश के कारण रद्द होने के बाद अगले मुकाबले में इंग्लैंड के हाथों 2 विकेट से शिकस्त झेली है। फिलहाल न्यूजीलैंड 1 अंक के साथ प्वाइंट्स टेबल में दूसरे, जबकि श्रीलंका पहला मैच गंवाने के बाद चौथे पायदान पर मौजूद है।

ये भी पढ़ें :-

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें