Site icon Dainik Savera Times

TNPL 2025: इस कप्तान को अंपायर के साथ बहस करना पड़ा भारी… लगा इतने लाख का जुर्माना

Ravichandran Ashwin Fined : टीम इंडिया के दिग्गज स्पिनर और वर्तमान में तमिलनाडु प्रीमियर लीग (TNPL) 2025 में डिंडीगुल ड्रैगन्स की कप्तानी कर रहे आर अश्विन एक बार फिर सुर्खियों में हैं। टूर्नामेंट के पांचवें मुकाबले में IDream तिरुप्पुर तमिझंस के खिलाफ मैच के दौरान अश्विन ने आचार संहिता का उल्लंघन किया, जिसकी वजह से उन पर मैच फीस का 30% जुर्माना लगाया गया है।

दो मामलों में दोषी पाए गए अश्विन

मैच रेफरी अर्जुन कृपाल सिंह की ओर से सुनवाई के बाद आर अश्विन को दो मामलों में दोषी पाया गया। पहले, उन्होंने अंपायर के फैसले पर असहमति जताई, जिसके लिए 10 प्रतिशत और दूसरा, गुस्से में अपने उपकरणों का दुरुपयोग किया, जिसके लिए 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। कुल मिलाकर अश्विन पर 30% मैच फीस का जुर्माना लगा। TNPL के एक अधिकारी ने बताया कि अश्विन ने यह जुर्माना स्वीकार कर लिया है।

क्या हुआ था मैदान पर?

डिंडीगुल ड्रैगन्स की पारी के दौरान पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर आर अश्विन को एलबीडब्ल्यू (LBW) आउट दिया गया। इस फैसले से नाराज अश्विन ने अंपायर कृतिका से बहस की। चूंकि टीम पहले ही अपने सभी DRS विकल्पों का इस्तेमाल कर चुकी थी, इसलिए वह फैसले को चुनौती नहीं दे सके। अश्विन का मानना था कि गेंद लेग स्टंप के बाहर जा रही थी। जब अंपायर ने फैसला नहीं बदला तो वह गुस्से में मैदान से बाहर जाते हुए दिखे और इस दौरान उन्होंने गुस्से में बल्ला पैड्स पर मार दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।

मैच में अश्विन का प्रदर्शन

मैच में अश्विन ने 11 गेंदों पर 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से 18 रन बनाए। हालांकि, डिंडीगुल ड्रैगन्स की पूरी टीम केवल 93 रन पर सिमट गई। जवाब में तिरुप्पुर तमिझंस ने महज 10.5 ओवर में 9 विकेट से जीत हासिल कर ली। तुषार रहेजा ने शानदार 65 रन की नाबाद पारी खेली और टीम को आसान जीत दिलाई।

देखें Video :

 

ये भी पढ़े : क्रिकेट जगत को बड़ा झटका… 29 साल की उम्र में इस दिग्गज खिलाड़ी ने लिया इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास, लिखा भावुक नोट

Exit mobile version