Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

महिला टी20 विश्व कप: इंग्लैंड-श्रीलंका मैच में रिकॉर्ड्स की बरसात, डैन व्याट ने सारा टेलर को छोड़ा पीछे

June 13, 2026

महिला टी20 विश्व कप: इंग्लैंड-श्रीलंका मैच में रिकॉर्ड्स की बरसात, डैन व्याट ने सारा टेलर को छोड़ा पीछे

आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के पहले मुकाबले में मेजबान इंग्लैंड ने श्रीलंका को 87 रनों से हराया। इस मुकाबले में कई बड़े रिकॉर्ड्स बने।

पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में एक विकेट खोकर 219 रन बनाए। महिला टी20 विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाकर उसने इतिहास रच दिया। इंग्लिश टीम ने साल 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ बनाए 213/5 के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ा। इंग्लिश टीम की तरफ से डैन व्याट ने 62 गेंदों में 105 रनों की नाबाद पारी खेली। वह महिला टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की ओर अब सर्वाधिक रन बनाने वाली तीसरी बल्लेबाज बन गई हैं। उन्होंने सारा टेलर को पीछे छोड़ दिया है। टेलर के नाम टी20 विश्व कप में 541 रन बनाने का रिकॉर्ड था, जबकि व्याट अब 593 रन बना चुकी हैं।

इसके साथ ही डैन व्याट ने महिला टी20 विश्व कप की चौथी और इंग्लैंड की तरफ से दूसरी सबसे बड़ी पारी (105, नाबाद) खेली। इंग्लैंड की ओर से इस मेगा इवेंट में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड हीथर नाइट के नाम है, जिन्होंने 2020 में 108 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि ऑस्ट्रेलिया की पूर्व बल्लेबाज मेग लेनिंग (126 रन) ने टी20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ी पारी खेली है।

ये भी पढ़ें–   https://dainiksaveratimes.com/sports/icc-womens-t20-world-cup-eng-vs-sl/

डैन व्याट महिला टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली संयुक्त रूप से दूसरी बल्लेबाज बन गई हैं। वह टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 3 शतक लगा चुकी हैं। वहीं, महिला टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड यूएई की बल्लेबाज ईशा ओजा (5 शतक) के नाम है।

इंग्लैंड की बल्लेबाजों ने अपनी पारी के आखिरी ओवर में कुल 26 रन बटोरे, जो महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का संयुक्त रूप से दूसरा सबसे मंहगा ओवर है। श्रीलंका की गेंदबाज मलकी मदारा को खासतौर पर इंग्लिश बल्लेबाजों ने निशाने पर लिया। मदारा ने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ एक विकेट लेकर 51 रन दिए, जो महिला टी20 विश्व कप इतिहास का दूसरा सबसे महंगा स्पेल है। टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे महंगा ओवर फेंकने का शर्मनाक रिकॉर्ड भारत की गेंदबाज शिखा पांडे के नाम है, जिन्होंने 2020 में बिना कोई विकेट चटकाए 4 ओवर में 52 रन दिए थे।

श्रीलंका की ओर से इस मुकाबले में आठवें विकेट के लिए नीलाक्षी डी सिल्वा और मलकी मदारा ने मिलकर 39 रन जोड़े, जो महिला टी20 वर्ल्ड कप में आठवें या उससे नीचे के विकेट के लिए की गई सबसे बड़ी साझेदारी है। इंग्लैंड की गेंदबाज फ्रेया केम्प ने डेब्यू मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए 21 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वह टी20 विश्व कप के डेब्यू मुकाबले में 4 विकेट लेने वाली महज तीसरी गेंदबाज बनी हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें