Site icon Dainik Savera Times

बिम्सटेक 2026 में साल्हावास की बेटी रिया वर्मा ने जीता रजत पदक

झज्जर : जिला के गांव साल्हावास की बेटी रिया वर्मा ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए बिम्सटेक 2026 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर गांव, जिले और देश का गौरव बढ़ाया है। भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में 25 से 27 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में रिया ने गोला फेंक स्पर्धा में 14.59 मीटर गोला फेंककर दूसरा स्थान हासिल किया।

गांव साल्हावास निवासी मनोज कुमार वर्मा की सुपुत्री रिया वर्मा ने प्रतियोगिता के दौरान अपनी मेहनत, खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का शानदार परिचय दिया। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत सहित श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल, भूटान और म्यांमार के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न देशों के खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबलों में रिया ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।

कोच के मार्गदर्शन और मेहनत से मिली सफलता

रिया की इस उपलब्धि में उनके प्रशिक्षक इंद्रजीत सिंह का अहम योगदान रहा। इंद्रजीत सिंह पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं और गोला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक जीत चुके हैं। उनके अनुभव, तकनीकी प्रशिक्षण और निरंतर मार्गदर्शन से रिया के खेल में निखार आया। रिया की कड़ी मेहनत और प्रशिक्षक के मार्गदर्शन का परिणाम है कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किया।

साल्हावास गांव में खुशी और गर्व का माहौल

रिया वर्मा की इस शानदार उपलब्धि से गांव साल्हावास सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। क्षेत्रवासियों, गणमान्य व्यक्तियों और खेल प्रेमियों ने रिया, उनके प्रशिक्षक इंद्रजीत सिंह और परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रिया की सफलता ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि मेहनत, लगन, प्रतिभा और उचित मार्गदर्शन के बल पर बेटियां अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं।

Exit mobile version