Site icon Dainik Savera Times

बिबाेसिनोव को हरा दीपक विश्व चैंपियनशिप के प्री-क्वार्टर फाइनल में

ताशकंद: भारतीय मुक्केबाज दीपक (51 किग्रा) ने रविवार को रोमांचक मुकाबले में अपने प्रतिद्वंदी सकेन बिबोसिनोव को 5-2 से शिकस्त देकर आईबीए पुरुष विश्व मुक्केबाज़ी चैंपियनशिप 2023 के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। उज़्बेकिस्तान के ताशकंद में खेली जा रही विश्व चैंपियनशिप राउंड ऑफ़ 32 बाउट में दीपक ने टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता और 2021 विश्व चैंपियन सकेन बिबोसिनोव को 5-2 (बाउट रिव्यू के बाद) से हरा दिया।

दीपक के अलावा रविवार को मोहम्मद हुसामुद्दीन (57 किग्रा), सुमित (75 किग्रा) और नरेंद्र (92+ किग्रा) का मुकाबला खेला जायेगा। हुसामुद्दीन प्री-क्वार्टर फाइनल मैच में रूस के सविन एडुआर्ड के खिलाफ लड़ेंगे। सुमित अपने अभियान की शुरुआत अंतिम-32 दौर के मुकाबले में रूस के पावेल सोसुलिन के खिलाफ खेलते हुए करेंगे जबकि नरेंद्र अंतिम-16 दौर के मैच में क्यूबा के अरजोला लोपेज के खिलाफ रिंग में उतरेंगे। इस वैश्विक आयोजन में 107 देशों के 538 मुक्केबाजों की भागीदारी देखी जा रही है। इनमें कई ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता शामिल हैं।

Exit mobile version