Last Updated: September 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली कैपिटल्स के इस क्रिकेटर को रेप केस में जमानत, जेल से बाहर आने का रास्ता साफ

September 19, 2026

दिल्ली कैपिटल्स के इस क्रिकेटर को रेप केस में जमानत, जेल से बाहर आने का रास्ता साफ

खेल डेस्क: दिल्ली कैपिटल्स और बंगाल के विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल को रेप और आपराधिक धमकी के मामले में जमानत मिल गई है। चुंचुड़ा कोर्ट ने उन्हें 36 दिन जेल में रहने के बाद जमानत दी है। पोरेल को 11 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया था।

यह मामला कर्नाटक की एक मेडिकल छात्रा की शिकायत से जुड़ा है। छात्रा ने आरोप लगाया है कि वह और अभिषेक पोरेल करीब साढ़े तीन साल तक रिलेशनशिप में थे। दोनों ने शादी करने का फैसला भी किया था। हालांकि, बाद में दोनों के रिश्ते में विवाद हो गया और छात्रा के मुताबिक पोरेल ने शादी करने से इनकार कर दिया।

क्या है पूरा मामला? 

शिकायत के अनुसार, छात्रा और पोरेल लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और रिलेशनशिप में थे। छात्रा का दावा है कि दोनों साथ में विदेश भी घूमने गए थे और शादी करने की योजना बना रहे थे। बाद में दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। छात्रा ने आरोप लगाया कि पोरेल ने शादी से इनकार कर दिया। शिकायत में आपराधिक धमकी देने और निजी तस्वीरों के कथित दुरुपयोग से जुड़े आरोप भी लगाए गए हैं।

छात्रा के मुताबिक, उन्होंने 23 जून को मोगरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में करीब डेढ़ साल पहले हुई एक बहस का भी जिक्र किया गया है। छात्रा का कहना है कि उस समय मामले में पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था, लेकिन कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 311 और 318 समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। इसके अलावा इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट की धारा 66 और 72 भी लगाई गई हैं।

36 दिन जेल में रहे पोरेल

गिरफ्तारी के बाद अभिषेक पोरेल को पहले पुलिस हिरासत में भेजा गया था। इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उनकी शुरुआती जमानत याचिका खारिज हो गई थी। अब चुंचुड़ा कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी है। इस तरह करीब 36 दिन जेल में रहने के बाद उनके बाहर आने का रास्ता साफ हो गया है। यह मामला अभी कानूनी प्रक्रिया में है। छात्रा की ओर से लगाए गए आरोपों पर अदालत में आगे सुनवाई होगी और जमानत मिलने का मतलब मामले में आरोप साबित होना या खारिज होना नहीं है।

कैसा रहा है अभिषेक पोरेल का क्रिकेट करियर?

23 साल के अभिषेक पोरेल विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं और 2023 से दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं। उन्होंने IPL में अब तक 35 मैचों में 769 रन बनाए है। इसमें 4 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स 2026 सीजन की 4 पारियों में 108 रन बनाए थे। इसके अलावा पोरेल ने फर्स्ट क्लास में 32 मैच खेले और 1408 रन बनाए, इसमें 1 शतक शामिल है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें