Dinesh Karthik Baby: पूर्व भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक के घर खुशियों का माहौल है। आपको बता दें कि उनकी पत्नी दीपिका पल्लीकल ने बेटी को जन्म दिया है। इस खुशखबरी को कार्तिक और दीपिका ने सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि “हम खुशी-खुशी अपनी प्यारी बच्ची का इस दुनिया में स्वागत करते हैं। कबीर और जियान अपनी छोटी बहन को देखने के लिए बहुत उत्साहित हैं।”
परिवार और नाम की जानकारी
दिनेश और दीपिका अब तीन बच्चों के माता-पिता बन गए हैं। दीपिका ने पहले 28 अक्टूबर 2021 को जुड़वां बेटों जियान और कबीर पल्लीकल को जन्म दिया था। इस बार उन्होंने अपनी बेटी का नाम राहा (Raaha) रखा है।
क्रिकेटर्स और फैंस ने दी बधाई
बेटी के जन्म पर कार्तिक और दीपिका को फैंस और साथी खिलाड़ियों से बधाइयां मिल रही हैं। पूर्व कप्तान विराट कोहली ने इस पोस्ट पर दिल का इमोजी शेयर किया। इसके अलावा, क्रुणाल पांड्या की पत्नी पंखुड़ी शर्मा और जसप्रीत बुमराह की पत्नी संजना गणेसन ने भी उन्हें बधाई दी।
दिनेश कार्तिक का क्रिकेट करियर
40 वर्षीय दिनेश कार्तिक ने 18 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में 26 टेस्ट, 94 वनडे और 60 टी20 मैच खेले। उन्होंने क्रमशः 1025, 1752 और 686 रन बनाए। टी20 लीग क्रिकेट समेत कुल 415 मैचों में उन्होंने 7557 रन बनाए और 35 अर्धशतकीय पारियां खेलीं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका नाम केवल एक शतक (टेस्ट) के साथ दर्ज है।
दीपिका, दिनेश कार्तिक की दूसरी पत्नी हैं। पहले विवाह के समाप्त होने के बाद, कार्तिक ने 2015 में दीपिका से शादी की। दीपिका एक पेशेवर स्क्वैश खिलाड़ी हैं।

