Last Updated: November 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

फैंस में छाई मायूसी… इस स्टार खिलाड़ी ने लिया क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला

November 4, 2024

फैंस में छाई मायूसी… इस स्टार खिलाड़ी ने लिया क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला

Wriddhiman Saha Announced Retirement : भारत के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज रिद्धिमान साहा (Wriddhiman Saha) ने घोषणा की है कि रणजी ट्रॉफी के वर्तमान सत्र के बाद वह क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। बंगाल के इस 40 वर्षीय विकेटकीपर ने 2010 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण के बाद से 40 टेस्ट और 9 एकदिवसीय मैच खेले।

रिद्धिमान साहा (Wriddhiman Saha) ने सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में कहा, कि ‘क्रिकेट में एक शानदार सफर के बाद यह मेरा आखिरी सत्र होगा। मैं आखिरी बार बंगाल का प्रतिनिधित्व करने और संन्यास लेने से पहले केवल रणजी ट्रॉफी में खेलने पर सम्मानित महसूस कर रहा हूं।’’ उन्होंने रविवार देर रात जारी पोस्ट में कहा, कि ‘आइए इस सत्र को यादगार बनाएं।’’ रिद्धिमान साहा (Wriddhiman Saha) लंबे समय तक भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा रहे। इसके बाद उन्हें तत्कालीन मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने सूचित किया था कि वह चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन की पहली पसंद नहीं है और वे उनसे आगे की सोच रहे हैं।

उन्हें पिछले साल भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की केंद्रीय अनुबंध सूची से बाहर कर दिया गया था। भारत की तरफ से उन्होंने अपनी यादगार पारी न्यूजीलैंड के खिलाफ 2016 में खेली थी। उन्होंने तब ईडन गार्डन्स में ट्रेंट बोल्ट, मैट हेनरी, नील वैगनर और मिशेल सेंटनर जैसे अच्छे गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल पिच पर नाबाद अर्धशतक बनाया था। उन्हें इस मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था।

रिद्धिमान साहा (Wriddhiman Saha) ने टेस्ट क्रिकेट में 1353 रन बनाए, जिसमें तीन शतक भी शामिल हैं। उन्होंने 2007 में बंगाल की तरफ से प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने अब तक 138 प्रथम श्रेणी मैच में 7013 रन बनाए हैं। वह 2022 में बंगाल क्रिकेट संघ के अधिकारियों के साथ अनबन होने के कारण त्रिपुरा की टीम से जुड़ गए थे। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली के हस्तक्षेप के बाद वह इस सत्र में बंगाल की टीम में वापस आ गए थे।

रिद्धिमान साहा (Wriddhiman Saha) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी 170 मैच खेले। इस टूर्नामेंट में उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स, सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटन्स सहित विभिन्न टीमों का प्रतिनिधित्व किया। आईपीएल में उन्होंने अपना एकमात्र शतक 2014 में पंजाब किंग्स की तरफ से कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ लगाया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें