Site icon Dainik Savera Times

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए सीएसके के खिलाफ करो या मरो का मुकाबला

कोलकाता: आईपीएल 2025 के 57वें मुकाबले में मेजबान कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का सामना प्रतियोगिता से बाहर हो चुकी चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से होगा जो केकेआर के लिए करो या मरो का मुकाबला होगा। केकेआर के फिलहाल 11 मैचों में 5 जीत और इतनी ही हार के साथ 11 अंक हैं और उन्हें अपनी संभावनाओं को बरकरार रखने के लिए बाकी बचे 3 मैचों में जीत हासिल करनी होगी और अन्य परिणामों पर भी निर्भर रहना होगा, वहीं सीएसके 11 मैचों में सिर्फ 2 जीत के साथ अंक तालिका में सबसे अंतिम स्थान पर है और उनके लिए यह प्रयोग करने और साख बचाने की लड़ाई है। दोनों टीमों के बीच अब तक हुए 30 मुकाबलों में 19 में सीएसके जबकि 11 में केकेआर को जीत मिली है।

इस साल चेपॉक, चेन्नई में हुए दोनों टीमों के बीच पहले मुकाबले में केकेआर को जीत मिली थी, जिसका बदला लेने सीएसके की टीम उतरेगी। केकेआर हो या सीएसके, दोनों टीमों में कुछ बेहतरीन स्पिनर हैं, जहां केकेआर में वरुण चक्रवर्ती, सुनील नरेन और मोइन अली जैसे विश्व स्तरीय स्पिनर्स हैं। सीएसके के पास भी नूर अहमद, रवींद्र जडेजा और आर अश्विन जैसे स्पिनर्स हैं। जहां केकेआर के स्पिनर्स ने इस सीजन सबसे अधिक 31 विकेट लिए हैं, वहीं सीएसके के भी स्पिनर्स 28 विकेटों के साथ उनसे अधिक पीछे नहीं हैं।

सीएसके के बल्लेबाजों ने स्पिनरों के खिलाफ इस साल सबसे अधिक 32 विकेट गंवाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट भी स्पिनरों के खिलाफ सिर्फ 124 रहा है। वैसे तो महेंद्र सिंह धोनी आजकल बहुत ही नीचे और पारी के अंत में बल्लेबाजी के लिए आते हैं, लेकिन जिस तरह से सीएसके की बल्लेबाजी चल रही है, उससे हो सकता है कि उन्हें बीच के ओवरों में ही बल्लेबाजी के लिए आना पड़ा। केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणो ने इस सीजन के आईपीएल में 3 अर्धशतकों के साथ अच्छा फॉर्म दिखाया है, लेकिन स्पिनर्स के सामने वह संघर्ष करते नजर आए हैं।

तेज गेंदबाजों के खिलाफ उनका औसत 104.5 तो स्पिनर्स के खिलाफ सिर्फ 16.9 है। यह आईपीएल 2025 में कम से कम 50 स्पिन गेंद खेलने वाले किसी भी बल्लेबाज का तीसरा सबसे कम औसत है। रहाणो की पुरानी टीम सीएसके में भी जडेजा और अश्विन जैसे स्पिनर हैं, जो उनको परेशान कर सकते हैं। जडेजा ने रहाणो को आईपीएल में सिर्फ एक बार आऊट किया है, लेकिन रहाणो उन पर सिर्फ 96 के स्ट्राइक रेट से रन बना पाते हैं। इसके अलावा सीएसके के दूसरे स्पिनर आर अश्विन ने भी आईपीएल में रहाणो को 11 में से 6 पारियों में आऊट किया है, जबकि रहाणो उन पर सिर्फ 102 के स्ट्राइक रेट से रन बना पाते हैं।

ये भी पढ़ें- देशभर में आज कितनी है LPG सिलेंडर की कीमत? जानें CNG और PNG के रेट

Exit mobile version