Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

दलीप ट्रॉफी फाइनल: तिलक वर्मा 99 रन पर आउट, शतक से चूके; साउथ जोन 372 रन पीछे

September 9, 2026

दलीप ट्रॉफी फाइनल: तिलक वर्मा 99 रन पर आउट, शतक से चूके; साउथ जोन 372 रन पीछे

चेन्नई: एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में चौथे दिन साउथ जोन की पहली पारी 336 रन पर सिमट गई। साउथ जोन पहली पारी के आधार पर ईस्ट जोन से 372 रन से पिछड़ गई है।

साउथ जोन ने चौथे दिन के खेल की शुरुआत 6 विकेट के नुकसान पर 242 रन से की। टीम की सबसे बड़ी उम्मीद कप्तान तिलक वर्मा थे। वर्मा 56 के स्कोर पर नाबाद थे। उनके साथ चामा मिलिंद 2 रन पर नाबाद थे। दोनों ने साउथ जोन की पारी आगे बढ़ाई। सातवें विकेट के लिए दोनों ने 78 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 318 तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर मिलिंद 43 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद पारी लंबी नहीं चली।

कप्तान तिलक वर्मा शतक से चूके 

कप्तान तिलक वर्मा अपना शतक चूक गए। वह आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए। तिलक 1 रन से अपना शतक चूक गए। वह 211 गेंदों पर 99 रन बनाकर आउट हुए। साउथ जोन की पहली पारी 336 रन पर सिमट गई। ईस्ट जोन के लिए मुकेश कुमार ने 3, जबकि मोहम्मद शमी, कुनैन कुरैशी और शिखर मोहन ने 2-2 विकेट लिए।

इससे पहले ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रन बनाए थे। विकेटकीपर बल्लेबाज और कप्तान ईशान किशन ने सर्वाधिक 270 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा, कुमार कुशाग्र ने 101, शिखर मोहन ने 85 और अभिमन्यु ईश्वरन ने 72 रन बनाए थे। साउथ जोन के लिए त्रिपुराना विजय ने 4, चिमा मिलिंद और श्रेयस गोपाल ने 2-2 और शेख रशीद ने 1 विकेट लिए।

ईस्ट जोन की बढ़त 385 रन

ईस्ट जोन के पास साउथ जोन को फॉलोऑन खिलाने का मौका था, लेकिन उन्होंने बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। खबर लिखे जाने तक ईस्ट जोन ने अपनी दूसरी पारी में 13 रन पर 2 विकेट गंवा दिए हैं। आउट होने वाले बल्लेबाजों में वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन हैं। ईस्ट जोन की कुल बढ़त फिलहाल 385 रन है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें