Site icon Dainik Savera Times

Eng vs Ind, 2nd ODI : सीरीज पर कब्जा जमाने उतरेगा भारत, इंगलैंड के लिए ‘करो या मरो का मैच’

कार्डिफ: भारत और इंगलैंड के बीच सोफिया गार्डन्स में वन डे सीरीज का दूसरा मैच खेला जाएगा, जिसे जीतकर टीम इंडिया सीरीज पर अपना कब्जा जमाना चाहेगी। भारत ने सीरीज का पहला मैच 6 विकेट से अपने नाम किया था। पहले मैच में पूरी भारतीय टीम ने मिलकर शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें अलग-अलग खिलाड़ियों ने अहम मौकों पर उम्दा खेल दिखाया। कप्तान शुभमन गिल ने शानदार 80 रन की पारी खेलकर टीम को मजबूत आधार दिया, हालांकि क्रैंप्स (मांसपेशियों में खिंचाव) के कारण उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। अक्षर पटेल ने मैच जिताऊ ऑलराऊंड खेल दिखाया।

पटेल ने 4 विकेट लेने के बाद बल्ले से नाबाद 57 रन की पारी खेली। वाशिंगटन सुंदर ने अपना पहला वन डे अर्धशतक जमाया। फैंस की नजरें रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज बल्लेबाजों पर भी होंगी। सोफिया गार्डन्स में अक्सर सीम बॉलिंग को मदद मिलती है, इसलिए अगर टीम अतिरिक्त तेज गति चाहती है तो अर्शदीप सिंह एक विकल्प हो सकते हैं। सीरीज के पहले मैच में शानदार प्रदर्शन के बाद मैनेजमैंट की तरफ से बड़े बदलाव करने की संभावना कम है, खासकर इसलिए क्योंकि अक्षर पटेल (62/4), वाशिंगटन सुंदर (4 ओवरों में सिर्फ 13 रन) और जसप्रीत बुमराह (31/1) ने बर्मिंघम में अहम योगदान दिया था।

इंगलैंड के लिए यह ‘करो या मरो’ का मैच होगा। हैरी ब्रूक की टीम को सीरीज में बने रहने के लिए कार्डिफ में हर हाल में जीतना ही होगा। पिछले मैच में खराब बल्लेबाजी के कारण जो रूट और लियाम डॉसन की वापसी की कोशिशों के बावजूद उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। मेजबान टीम को तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स की वापसी से मजबूती मिली है, जिनके आने से बॉलिंग अटैक में अनुभव जुड़ेगा।

Exit mobile version