Site icon Dainik Savera Times

लियाम लिविंगस्टोन कि तूफानी पारी की बदौलत इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराया

England vs West Indies : लियाम लिविंगस्टोन की शतकीय पारी की मदद से इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को तीन मैचों की सीरीज के दूसरे वनडे में 5 विकेट से हरा दिया। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम ने 328 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 15 गेंद रहते ही मैच को अपने नाम कर लिया। इंग्लैंड की जीत के साथ ही सीरीज 1-1 से बराबर हो गई। लिविंगस्टोन ने 85 गेंद में नाबाद 124 रनों की धुआँधार पारी खेल कर टीम को मैच जिताया।

लियाम लिविंगस्टोन ने इस पारी में 9 छक्के और 5 चौके की सहायता से सिर्फ 77 गेंद में अपना शतक पूरा कर लिया। लियाम लिविंगस्टोन के अलावा इंग्लैंड के तीन और बल्लेबाजों ने भी अर्धशतकीय पारी खेली। इंग्लैंड ओपनर बल्लेबाज फिल साल्ट ने 59 गेंद में 59 रनों की पारी खेली। इसके अलावा जेकब बेथल ने 57 गेंद में 55 रनों की पारी खेली जबकि सैम करन ने भी निचले क्रम में 55 गेंद में 55 रनों की दमदार पारी खेली।

बल्लेबाजी से पहले इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने गेंदबाजी के दौरान सबको हैरान कर दिया। कप्तान लिविंगस्टोन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ एक पारी में कुल 9 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया। वनडे क्रिकेट में 37 साल बाद ऐसा देखने को मिला है जब किसी टीम ने 9 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया। आखिरी बार यह 1987 वनडे विश्व कप के दौरान देखने को मिला था।

वनडे विश्व कप 1987 में भी इंग्लैंड टीम के कप्तान माइक गेटिंग ने श्रीलंका के खिलाफ 9 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया। वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले में इंग्लैंड के गेंदबाजों में सिर्फ चार को ही विकेट मिल पाया। इंग्लैंड के लिए जॉन टर्नर और आदिल राशिद ने दो-दो और जोफ्रा आर्चर और लियाम लिविंगस्टोन ने एक-एक विकेट लिए।

वेस्टइंडीज की बैटिंग भी कमाल की रही, लेकिन गेंदबाजों के प्रदर्शन के कारण कैरेबियाई टीम मैच नहीं जीत पाई। वेस्टइंडीज के लिए कप्तान शाई होप ने 127 गेंद में 117 रनों की शतकीय पारी खेली। इसके अलावा केसी कार्टी ने 71 रनों का योगदान दिया। वहीं शेफरन रदरफोर्ड ने 36 ने 54 रनों की शानदार पारी खेली थी।

Exit mobile version