Site icon Dainik Savera Times

England vs India: इंगलैंड के खिलाफ वापसी के लिए भारत के सामने स्पिनरों के चयन की दुविधा

बर्मिंघम: भारत को चयन के मामले में पारंपरिक सोच से अलग हटकर इंगलैंड के खिलाफ बुधवार से शुरू हो रहे दूसरे टैस्ट में बल्लेबाजों की मददगार पिच पर ऐसे गेंदबाजों को चुनना होगा जो पूरे 20 विकेट ले सकें। हेडिंग्ले में पहले टैस्ट के आखिरी दिन इंगलैंड ने जब 371 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया तब भारतीय टीम प्रबंधन ने खुद स्वीकार किया था कि कुलदीप यादव की कमी टीम को खली। सहायक कोच रियान टेन डोइशे ने कहा कि भारत टीम संयोजन तलाशने की कोशिश में है जिससे बल्लेबाजी की गहराई पर असर नहीं पड़े और ऐसे गेंदबाज भी हों जो 20 विकेट ले सकें।

बर्मिंघम में मौसम गर्म है और पिच पर ऊपर घास है लेकिन नीचे से यह सूखी है। इसी मैदान पर 3 साल पहले इंगलैंड ने 378 रन का लक्ष्य हासिल करके श्रृंखला ड्रॉ कराई थी।  इस मैदान पर स्पिनरों की भूमिका अहम होगी और भारत को तय करना है कि वे रविंद्र जडेजा की मदद करने वाले वॉ¨शगटन सुंदर को उतारेगा या विकेट लेने में माहिर कुलदीप को जगह मिलेगी। यह तो तय है कि भारत 2 स्पिनरों के साथ उतरेगा। पहले टैस्ट में शादरुल ठाकुर तेज गेंदबाज हरफनमौला थे लेकिन संभव है कि बल्लेबाजी हरफनमौला नीतीश कुमार रैड्डी को दूसरे टैस्ट में जगह मिले।

जसप्रीत बुमराह की उपलब्धता पर भी संदेह है, अगर वह दूसरा टैस्ट नहीं खेलते हैं तो तेज गेंदबाजी का जिम्मा मोहम्मद सिराज, आकाश दीप और प्रसिद्ध कृष्णा संभालेंगे।  पहले टैस्ट की दोनों पारियों में भारत के निचले क्रम के बल्लेबाजों ने कोई योगदान नहीं दिया जिसमें सुधार करना होगा। पहले मैच में शतक लगाने वाले केएल राहुल, जायसवाल, ऋषभ पंत और कप्तान शुभमन गिल इस लय को कायम रखना चाहेंगे। साइ सुदर्शन और करुण नायर को खराब शुरुआत के बावजूद फिर मौका मिल सकता है। दूसरी ओर इंगलैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने परिवार में एमरजैंसी के कारण मैच से नाम वापस ले लिया है लेकिन क्रिस वोक्स की अगुवाई में गेंदबाजी आक्रमण आत्मविश्वास से भरा है।

ये भी देखें :- ‘ईरान पर आज होगा अब तक का सबसे शक्तिशाली अटैक’, अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ की चेतावनी

Exit mobile version