Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

FIFA World Cup 2022: मोरक्को को हराकर फाइनल में पहुंचा फ्रांस

December 15, 2022

FIFA World Cup 2022: मोरक्को को हराकर फाइनल में पहुंचा फ्रांस

अल खोर: गत चैंपियन फ्रांस ने फीफा विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल में मोरक्को को 2-0 से हराकर लगातार दूसरी बार विश्व कप फाइनल में जगह बना ली है। अल बैत स्टेडियम पर खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में थियो हर्नांडेज़ ने पांचवें मिनट में फ्रांस का पहला गोल किया, जबकि कोलो मुआनी ने 79वें मिनट में गोल जमाकर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की। फ्रांस से पहले किसी टीम ने मोरक्को के खिलाफ स्कोर नहीं किया था लेकिन इन दो गोलों के साथ विश्व कप में मोरक्को का अद्भुत अभियान समाप्त हुआ।

फ्रांस अब लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने के इरादे से फाइनल में लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना का सामना करेगी, जबकि मोरक्को को कांस्य पदक के लिए क्रोएशिया से मुकाबला करना है। फ्रांस ने मैच के पांचवें मिनट में ही प्रभावशाली खेल दिखाते हुए मोरक्को के बॉक्स में जगह बना ली। काइलिन एमबापे ने गोल पर निशाना लगाया लेकिन उनका प्रयास हर्नांडेज़ के सामने जा गिरा। मोरक्को के गोलकीपर यासीन बोनो बॉल को पकड़ने के लिये आगे आये लेकिन हर्नांडेज़ ने उन्हें छकाकर बॉल को नेट में पहुंचा दिया।

मोरक्को ने एक गोल से पिछड़ने के बाद भी आक्रामक खेल जारी रखा जबकि उनके प्रशंसक पूरे उत्साह के साथ अपनी टीम का समर्थन करते रहे। मैच के 45वें मिनट में जवाद अल यामिक़ ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल का प्रयास किया, हालांकि गोलकीपर ह्यूगो लोरिस ने सही समय पर छलांग लगाकर बॉल रोक ली। हाफ टाइम से ठीक पहले हकीम ज़ियेच ने फ्रीकिक ली लेकिन इस बार भी लोरिस ने बॉल को जकड़कर फ्रांस की बढ़त बरकरार रखी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें