FIFA World Cup 2026: भारत में फुटबॉल प्रेमियों के लिए खुशखबरी सामने आई है। कई सप्ताह लंबे इंतजार और अटकलों के बाद आखिरकार FIFA वर्ल्ड कप 2026 के प्रसारण और डिजिटल स्ट्रीमिंग अधिकार हासिल करने वाली कंपनी का नाम सामने आ गया है। जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ZEEL) की स्पोर्ट्स इकाई Unite8 Sports ने 11 जून से शुरू होने वाले फुटबॉल के सबसे बड़े महाकुंभ के मीडिया अधिकार अपने नाम कर लिए हैं।
इस समझौते के बाद भारतीय दर्शक FIFA वर्ल्ड कप 2026 के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण Zee के टेलीविजन नेटवर्क और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर देख सकेंगे। इससे करोड़ों फुटबॉल प्रशंसकों की वह चिंता भी समाप्त हो गई है, जो टूर्नामेंट के करीब आने के बावजूद आधिकारिक ब्रॉडकास्टर को लेकर बनी हुई थी।
सिर्फ 2026 नहीं, 2034 तक का बड़ा समझौता
यह करार केवल FIFA वर्ल्ड कप 2026 तक सीमित नहीं है। FIFA और Zee के बीच हुए इस व्यापक समझौते के तहत वर्ष 2034 तक आयोजित होने वाले कुल 39 FIFA टूर्नामेंट्स के मीडिया अधिकार शामिल हैं। इनमें FIFA वर्ल्ड कप 2030, FIFA विमेंस वर्ल्ड कप 2027 और अन्य प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं भी शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- विदेश यात्रा पर रोक, खाना खाने के लिए घर जानें पर मनाही, सरकारी कर्मचारियों के लिए जारी हुए नए दिशा-निर्देश
विशेषज्ञों का मानना है कि यह भारतीय खेल प्रसारण उद्योग की सबसे महत्वपूर्ण और दीर्घकालिक डील्स में से एक है, जो देश में फुटबॉल की लोकप्रियता को नई ऊंचाई दे सकती है।
टाइम जोन बना था बड़ी चुनौती
FIFA वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 11 जून से अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में किया जाएगा। तीन देशों में फैले इस मेगा इवेंट के कारण भारतीय समयानुसार अधिकांश मुकाबले देर रात या सुबह के समय खेले जाएंगे। यही वजह रही कि मीडिया अधिकारों को लेकर बातचीत अपेक्षा से अधिक लंबी चली। समय के अंतर को देखते हुए कई प्रसारण कंपनियां इस डील को लेकर सतर्क नजर आ रही थीं। हालांकि अब सभी अटकलों पर विराम लग चुका है और टूर्नामेंट के प्रसारण का रास्ता साफ हो गया है।
फुटबॉल के भविष्य पर भरोसा
ZEEL के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत गोयनका ने इस अवसर पर कहा कि कंपनी भारतीय दर्शकों तक दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट को पहुंचाने को लेकर बेहद उत्साहित है। उनके अनुसार फुटबॉल एक ऐसा खेल है जो अलग-अलग आयु वर्ग और क्षेत्रों के लोगों को जोड़ता है। उन्होंने कहा कि FIFA के मीडिया अधिकारों का अधिग्रहण और नए स्पोर्ट्स चैनलों की शुरुआत भारत में फुटबॉल के उज्ज्वल भविष्य पर कंपनी के विश्वास को दर्शाती है।
ये भी पढ़ें: अमेरिका और ईरान में फिर शुरू हुई जंग, दोनों ने दागे ड्रोन और मिसाइलें
प्रशंसकों को मिलेगा पूरा रोमांच
फुटबॉल प्रेमियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अब वे FIFA वर्ल्ड कप 2026 के हर बड़े मुकाबले, स्टार खिलाड़ियों की टक्कर और खिताबी संघर्ष का आनंद आधिकारिक तौर पर लाइव देख सकेंगे। साथ ही आगामी वर्षों में होने वाले FIFA के अन्य प्रमुख टूर्नामेंट भी भारतीय दर्शकों की पहुंच में होंगे।

