
बर्मिंघम : भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल का मानना है कि सपाट पिचों और ड्यूक्स गेंद का संयोजन इंगलैंड में टैस्ट क्रिकेट के सार को खत्म कर रहा है। इंगलैंड को 336 रन से हराने के बाद परिस्थितियों को लेकर पूछे सवाल के जवाब में गिल ने कहा, ‘गेंदबाजों के लिए यह बहुत मुश्किल हो जाता है। जब विकेट से भी ज्यादा, गेंद बहुत जल्दी नरम और खराब हो जाती है। मुझे नहीं पता कि यह क्या है मौसम, विकेट या कुछ और लेकिन गेंदबाजों के लिए इन परिस्थितियों में विकेट लेना बहुत कठिन हो जाता है। एक टीम के रूप में, जब आपको पता होता है कि विकेट लेना मुश्किल है और रन आसानी से बन रहे हैं, तो ऐसे में बहुत सी चीजें आपके नियंत्रण से बाहर हो जाती हैं।’
गिल ने एजबेस्टन में 2 पारियों में 269 और 161 रन बनाने को लेकर कहा, ‘कभी-कभी, विशेषकर जब आप कप्तान होते हैं, तो मुझे लगता है कि आपको उदाहरण पेश करना होता है ताकि जब भी कोई दूसरा खिलाड़ी उस स्थिति में हो, तो आप उस खिलाड़ी को निर्देश दे सकें। ‘यही टीम को अभी चाहिए और आपको हमेशा अपनी व्यक्तिगत इच्छाओं के बजाय टीम को पहले रखना चाहिए।’ या कभी-कभी आप कुछ चीजे आजमाना चाहते हैं, लेकिन मुझे लगता है कि अगर आप टीम को अपने से आगे रखते हैं, तो आप हमेशा सही दिशा में या सही रास्ते पर चलेंगे और यही मैं इस मैच में करना चाहता था।
जब मैं मैदान पर हूं यथासंभव लंबे समय तक खेलना चाहता हूं। जब तक कोई अच्छी गेंद मुझे आऊट कर देती है।’ भारत को इतने लंबे टैस्ट मैच खेलने की आदत नहीं है। घरेलू पिचों पर स्पिन को मदद मिलती है और जब भारत बाहर खेलता है तो उसे हरी घास वाली पिच मिलती है। उन्होंने कहा, ‘निश्चित रूप से इससे हमें बहुत मदद मिली। मैं कहूंगा कि भारत में जब हम खेलते हैं तो अधिकतर टैस्ट मैच पांच दिन तक नहीं चलते।’