Site icon Dainik Savera Times

धोनी के कप्तानी छोड़ने पर कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा : 2022 में हम तैयार नहीं थे, लेकिन अब समय सही है

चेन्नई: चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा है कि ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तानी सौंपना महेंद्र सिंह धोनी का फैसला था। सीजन के पहले मैच से पहले की प्रेस कॉन्फ्रेंस में फ्लेमिंग ने कहा, ‘यह एमएस धोनी का फैसला था। बहुत कुछ सोचकर और पिछला सीजन शानदार रहने के बाद भविष्य को देखते हुए ये फैसला लिया गया है। पर्दे के पीछे ऋतुराज और अन्य लोगों को कप्तानी के लिए तैयार किया जा रहा था।

पिछले तीन सीजन में यह दूसरा मौका है जब सीजन के पहले मैच से एक दिन पहले सीएसके ने कप्तानी में बदलाव का बड़ा फैसला लिया है। 2022 में रवींद्र जडेजा को कप्तानी सौंपी गई थी, लेकिन यह बदलाव अच्छा नहीं रहा था और सीजन के बीच में ही जडेजा ने कप्तानी छोड़ दी थी। उनकी कप्तानी में टीम को पहले आठ में से छह मैचों में हार मिली थी। धोनी को दोबारा कप्तानी दी गई थी और फिर सीएसके ने पिछले साल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था।

फ्लेमिंग के मुताबिक 2022 में हुआ घटनाक्रम उन्हें जगाने वाला था और फ्रैंचाइजी ने सबक लिया था कि भविष्य के लिए कप्तान को तैयार करना होगा। उन्होंने कहा, ‘कुछ सालों पहले शायद सबसे बड़ी चीज यह थी कि हम धोनी के पीछे हटने के लिए तैयार ही नहीं थे। उनसे हम लीडरशिप और कोचिंग के मामले में ऐसा मिल-जुल गए थे और हम सोचने को मजबूर हो गए थे कि वह जब जाएंगे, तब क्या होगा?

उस समय तक इसके बारे में सोचना कठिन था, लेकिन वहीं से रास्ता खुला। हमने कड़ी मेहनत की और ठान लिया कि जो गलती पहले कर चुके हैं उसे फिर से नहीं दोहराएंगे।‘ फ्लेमिंग का यह भी मानना है कि गायकवाड़ को अपनी नई भूमिका में मैदान पर धोनी और अन्य सीनियर खिलाड़ियों से काफी सुझाव मिलने वाले हैं। धोनी और जडेजा के अलावा सीएसके की कप्तानी करने वाले गायकवाड़ केवल तीसरे व्यक्ति होंगे। ‘ऋतुराज को ख़ुद पर भरोसा है। वह बहुत आक्रामक कप्तान या व्यक्ति नहीं हैं,

लेकिन उनका साथी खिलाड़ियों के साथ तालमेल काफी अच्छा है और उनका बहुत सम्मान भी है। मेरे हिसाब से सीनियर खिलाड़ियों की ओर से मदद आएगी।‘ गायकवाड़ भी धोनी एंड कंपनी के अनुभव पर सीख़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘अच्छा लग रहा है। यह सौभाग्य है, लेकिन इससे भी अधिक यह एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी भी है। हमारे पास जैसा ग्रुप है उसे देखकर मैं काफी उत्सुक हूं। मुझे अधिक कुछ करने की जरूरत नहीं है। मेरे पास माही भाई टीम में हैं, जड्डू [जडेजा] भाई और अज्जू [रहाणे] भाई हैं जो मुझे रास्ता दिखाने के लिए अच्छे कप्तान हैं।‘

Exit mobile version