Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

रिंकू की तूफानी पारी को भुलाकर पंजाब किंग्स के खिलाफ उतरेगा गुजरात टाइटंस

April 12, 2023

रिंकू की तूफानी पारी को भुलाकर पंजाब किंग्स के खिलाफ उतरेगा गुजरात टाइटंस

मोहाली: पिछले मैच में आखिरी ओवर में रिंकू सिंह के पांच छक्कों से अप्रत्याशित हार झेलने वाली गत चैम्पियन गुजरात टाइटंस उस रात को बुरे सपने की तरह भुलाकर पंजाब किंग्स के खिलाफ बृहस्पतिवार को आईपीएल के मैच में जीत की राह पर लौटने की कोशिश करेगी । कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पिछले मैच में गुजरात के लिये कार्यवाहक कप्तान राशिद खान ने हैट्रिक ली, साइ सुदर्शन और विजय शंकर ने उम्दा पारियां खेली लेकिन रिंकू के बल्ले से निकले तूफान में सब बह गया । रकू ने आखिरी ओवर में पांच छक्के लगाकर केकेआर को चमत्कारिक जीत दिलाई । यह हार लंबे समय तक गुजरात को याद रहेगी लेकिन अब उसे अगले मैच पर फोकस करना होगा । तीन मैचों में चार अंक लेकर अंकतालिका में चौथे स्थान पर काबिज गुजरात को आत्मविश्वास से भरी पंजाब के खिलाफ शानदार खेल दिखाना होगा ।

मौजूदा फॉर्म को देखें तो सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आठ विकेट से मिली हार के अलावा पंजाब ने जबर्दस्त प्रदर्शन किया है जिसका श्रेय कप्तान शिखर धवन और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की फॉर्म को जाता है । दूसरे छोर से विकेटों के पतन के बावजूद धवन ने सनराइजर्स के खिलाफ 99 रन बनाये हालांकि टीम को हार से नहीं बचा सके । इसके बाद राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ नाबाद 86 और केकेआर के खिलाफ 40 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई । गुजरात के कप्तान हार्दिक पंड्या को बखूबी पता है कि धवन क्या कर सकते हैं । यह मुकाबला धवन और शुभमन गिल के बीच भी होगा चूंकि धवन का लक्ष्य अभी भी अपनी उपयोगिता साबित करके विश्व कप टीम में जगह बनाने का होगा ।

धवन और उनके युवा सलामी जोड़ीदार प्रभसिमरन सिंह ने पावरप्ले के ओवरों में पंजाब को शानदार शुरूआत दी है और मोहम्मद शमी, हार्दिक तथा राशिद के खिलाफ भी उनकी यही रणनीति होगी । पंजाब के पास आईपीएल के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी सैम कुरेन हैं जिनका साथ देने के लिये लियाम लिंवगस्टोन और जितेश शर्मा होंगे । गेंदबाजी में अर्शदीप के साथ नाथन एलिस रहेंगे । गुजरात के पास गिल, सुदर्शन और शंकर जैसे मैच विनर हैं । शंकर ने पिछले मैच में 24 गेंद में 63 रन बनाये थे । गेंदबाजी में शमी, जोश लिटिल , अलजारी जोसेफ और राशिद हैं ।

टीमें : गुजरात टाइटंस : हार्दिक पंड्या (कप्तान), शुभमन गिल, कोना भरत, रिद्धिमान साहा, राहुल तेवतिया, अभिनव मनोहर, मोहम्मद शमी, प्रदीप सांगवान, आर साई किशोर, विजय शंकर, साई सुदर्शन, राशिद खान, शिवम मावी, मैथ्यू वेड, ओडियन स्मिथ, उर्विल पटेल, दर्शन नालकांडे, डेविड मिलर (पहले 2 मैचों में उपलब्ध नहीं), , यश दयाल, जयंत यादव, नूर अहमद और अल्जारी जोसेफ।

पंजाब किंग्स: शिखर धवन (कप्तान), अर्शदीप सिंह , बलतेज सिंह, राज बावा, राहुल चाहर, सैम कुरेन, ऋषि धवन, नाथन एलिस, हरप्रीत बरार, हरप्रीत सिंह , वी कावेरप्पा, लियाम लिंवगस्टोन, मोहित राठी, प्रभसिमरन सिंह, कागिसो रबादा , भानुका राजपक्षे, एम शाहरुख खान, जितेश शर्मा, शिवम सिंह , मैथ्यू शॉर्ट, सिकंदर रजा और अथर्व तायडे।समय: मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें