Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

अफगानिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जादरान का निधन, जन्मदिन वाले दिन घर पहुंचा पार्थिव शरीर

July 9, 2026

अफगानिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जादरान का निधन, जन्मदिन वाले दिन घर पहुंचा पार्थिव शरीर

स्पोर्ट्स न्यूज: अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जादरान का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्होंने 7 जुलाई को भारत में इलाज के दौरान 38 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। सबसे भावुक बात यह रही कि वह 8 जुलाई को अपना 39वां जन्मदिन मनाने वाले थे, लेकिन जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले उनका निधन हो गया। उनके जन्मदिन के दिन ही पार्थिव शरीर काबुल पहुंचा, जिससे परिवार, साथी खिलाड़ियों और प्रशंसकों की आंखें नम हो गईं।

शापूर जादरान पिछले कुछ समय से एक गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। बताया गया कि उन्हें इम्यून सिस्टम से जुड़ी गंभीर स्वास्थ्य समस्या थी। बेहतर इलाज के लिए उन्हें भारत लाया गया था, जहां दिल्ली-एनसीआर के एक अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

बुधवार को जब उनका पार्थिव शरीर काबुल एयरपोर्ट पहुंचा तो वहां का माहौल बेहद भावुक था। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अधिकारी, वर्तमान और पूर्व खिलाड़ी, परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में प्रशंसक उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। उनके साथ लंबे समय तक खेलने वाले स्टार स्पिनर राशिद खान अपने आंसू नहीं रोक पाए और पूर्व कप्तान मोहम्मद नबी भी बेहद भावुक दिखाई दिए।

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बताया कि शापूर जादरान की जनाजे की नमाज गुरुवार सुबह काबुल की ऐतिहासिक ईदगाह मस्जिद में अदा की जाएगी। इसके बाद उन्हें मरंजन हिल स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

बता दें शापूर जादरान का जन्म 8 जुलाई 1987 को अफगानिस्तान के लोगर प्रांत में हुआ था। उन्होंने अपने लंबे कद, लंबे बाल और तेज रफ्तार गेंदबाजी के दम पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अलग पहचान बनाई थी। अपने करियर के दौरान उन्होंने कई बड़े बल्लेबाजों को परेशान किया और भारत के गौतम गंभीर तथा वीरेंद्र सहवाग जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के विकेट भी अपने नाम किए।

अगर उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो उन्होंने अफगानिस्तान के लिए 44 वनडे मैच खेले और 43 विकेट हासिल किए। वहीं 36 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में उन्होंने 37 विकेट लिए। इसके अलावा वह 2012-13 सीजन में बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) में भी खेल चुके थे। शापूर जादरान के निधन से अफगानिस्तान क्रिकेट को बड़ा नुकसान पहुंचा है। उनके योगदान और मैदान पर किए गए शानदार प्रदर्शन को क्रिकेट प्रेमी लंबे समय तक याद रखेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें