नई दिल्ली : अनुभवी प्रशासक और अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के पूर्व महासचिव कुशल दास का शुक्रवार को 66 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके परिवार में पत्नी और 2 बेटे हैं। उन्होंने दिल्ली के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। दास ने 2010 में फुटबॉल प्रशासन से जुड़ने के बाद 12 वर्षों तक एआईएफएफ के महासचिव के रूप में कार्य किया और 2022 में स्वास्थ्य कारणों से पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके कार्यकाल में भारत ने 2017 फीफा अंडर-17 विश्व कप की सफल मेजबानी की, जो दर्शकों के लिहाज से सबसे अधिक देखे गए फीफा युवा विश्व कप में शामिल रहा।
भारत को 2022 एएफसी महिला एशियाई कप और फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप की मेजबानी भी उनके प्रयासों से मिली। एआईएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे ने कहा कि कुशल दास ने भारतीय फुटबॉल के प्रशासन और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नेतृत्व में एआईएफएफ ने युवा विकास कार्यक्रम और विभिन्न आयु-समूह लीग शुरू कीं। दास इससे पहले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और आईएमजी इंडिया में मुख्य वित्तीय अधिकारी के रूप में भी काम कर चुके थे।